शामली,25 मार्च। पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाले गिरोह से जुड़े शामली जिले के समीर समेत तीन और आरोपियों को गाजियाबाद पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया है। इन्हें मिलाकर अब तक 21 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
प्रभारी डीसीपी ट्रांस हिंडन धवल जायसवाल ने बताया कि मंगलवार को गिरफ्तार समीर उर्फ शूटर बिहार के भागलपुर का मूल निवासी है और अभी दिल्ली के चांदनी चौक में रह रहा था। वहीं, समीर शामली के बाबरी का और शिवराज शाहजहांपुर के चटीया बहादरपुर का निवासी है। तीनों से एक-एक मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। कौशांबी थाना पुलिस ने 14 मार्च को एक महिला समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया था। इनके मोबाइल से सैन्य ठिकानों और संवेदनशील इलाकों के फोटो, वीडियो मिली थी, जिसे आरोपी पाकिस्तान के व्हाट्सऐप ग्रुप में भेज रहे थे।
एसआईटी की पूछताछ में आरोपी समीर उर्फ शूटर ने बताया कि वर्ष 2023-24 में उसकी असलहों के साथ फोटो-वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हुए थे। इसके बाद सुहेल व नौशाद ने उससे संपर्क किया था। इसके बाद उसे व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा। उसने पाकिस्तानी आका सरदार के निर्देश पर देश के विभिन्न शहरों के सुरक्षाबल व सैन्य ठिकाने, प्रमुख प्रतिष्ठान और रेलवे स्टेशनों की रेकी कर फोटो-वीडियो को जीपीएस लोकेशन के साथ विदेशी नंबरों पर भेजा। कई अन्य युवकों को ग्रुप से जोड़ कर उनसे भी देश विरोधी गतिविधि कराई।
दूसरे आरोपी समीर ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि वर्ष 2024 में इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी मुलाकात नौशाद से हुई थी। नौशाद ने उसे व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा। इसमें आरोपी महिला मीरा ठाकुर पहले से जुड़ी थीं। मीरा के कहने पर उसके साथ मध्य प्रदेश में पिस्टल की तस्करी भी की थी। वर्ष 2025 में वह सरदार के ग्रुप से जुड़ा और रेकी की। शिवराज से पूछताछ में पता चला कि आरोपी साहिल के माध्यम से वह ग्रुप से जुड़ा था। उसके कहने पर ही वह सोनीपत में सीसीटीवी कैमरा लगाकर आया था।
शामली के समीर ने बताया कि वह पूर्व में गिरफ्तार आरोपी मीरा के साथ मिलकर मध्य प्रदेश से असलहों की तस्करी में भी शामिल रहा। मामले में पांच नाबालिग समेत नौ आरोपियों को 20 मार्च को और महिला व नाबालिग समेत तीन आरोपियों को 22 मार्च को गिरफ्तार किया गया था।

