मेरठ 22 जुलाई (प्र)। कांवड़ यात्रा के दौरान शहर में भारी यातायात दबाव और विद्यार्थियों की ध्यान में रखते हुए मेरठ के प्रमुख निजी स्कूल आनलाइन शिक्षण की तैयारी कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से दिशा-निर्देश जारी होने पर शहर के अधिकांश स्कूलों में 4 से 11 और बाईपास क्षेत्र के कुछ स्कूलों में 3 से 11 अगस्त तक अवकाश रहने की संभावना है। इस दौरान विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए आनलाइन कक्षाएं संचालित की जाएंगी।
मेरठ स्कूल्स सहोदय काम्प्लेक्स के अध्यक्ष राहुल केसरवानी ने बताया कि पिछले वर्ष कांवड़ यात्रा के दौरान स्कूलों में आठ दिन का अवकाश रहा था। इस वर्ष भी ऐसी ही स्थिति बनने की संभावना है। विभिन्न स्कूल अपनी व्यवस्था के अनुसार तीन से सात दिन तक अलग-अलग कक्षाओं के लिए आनलाइन कक्षाएं संचालित करेंगे यह व्यवस्था प्रत्येक स्कूल की योजना के अनुसार अलग हो सकती है।
मेरठ पब्लिक स्कूल शास्त्रीनगर की प्रधानाचार्या सपना आहूजा ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को देखते हुए विद्यालय ने 5 से 11 अगस्त तक अवकाश रखने की योजना बनाई है। इस अवधि में सभी कक्षाओं के लिए आयु और स्तर के अनुरूप अलग-अलग समय सारिणी के अनुसार वर्चुअल कक्षाओं का संचालन किया जाएगा।
दीवान पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य बीके मिश्रा ने भी 4 से 11 अगस्त तक आनलाइन कक्षाएं संचालित करने की तैयारी की पुष्टि की है। हालांकि अंतिम निर्णय और आधिकारिक सूचना प्रशासनिक दिशा-निर्देश प्राप्त होने के बाद ही जारी की जाएगी। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि आनलाइन शिक्षण व्यवस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उनकी पढ़ाई की निरंतरता बनाए रखना हैं। अभिभावकों को समय रहते आवश्यक दिशा-निर्देश उपलब्ध कराए जाएंगे।
केएल इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य सुधांशु शेखर ने बताया कि विद्यालय आनलाइन पढ़ाई की व्यापक तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा कि जूनियर कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए आनलाइन रिवीजन के साथ वर्कशीट और हैंड्स-आन गतिविधियों पर आधारित अभ्यास सामग्री तैयार की जा रही है। वहीं वरिष्ठ कक्षाओं के छात्रों के लिए समस्या समाधान (प्राब्लम सॉल्विंग) कक्षाओं की विशेष योजना बनाई गई है। बताया कि आनलाइन माध्यम से प्रतिदिन पांच पीरियड की नियमित कक्षाएं संचालित करने की तैयारी है। इसके अलावा विषय की आवश्यकता के अनुसार कुछ प्रयोगशाला (लैब) कक्षाएं आयोजित करने की योजना पर भी काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में तैयारियां अंतिम चरण में हैं और छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

