बिजनौर, 03 फरवरी। इस साल महाशिवरात्रि 15 फरवरी को है। ऐसे में कांवड़िए हरिद्वार जल लेने के लिए निकल रहे हैं। वहां से वे शिव मंदिरों में जल अर्पित करने निकलेंगे। इस दौरान हरिद्वार और बिजनौर की पुलिस आपस में तालमेल करके व्यवस्था बनाने पर काम करेंगी। यूपी उत्तराखंड की सीमा पर बिजनौर पुलिस तैनात रहेगी। दोनों राज्यों के बीच सहमति के बाद 5 फरवरी से ट्रैफिक डायवर्जन शुरू होगा। बिजनौर पुलिस के आला अफसर उत्तराखंड में हरिद्वार पहुंचे। यहां पर श्यामपुर थाने के पास दोनों जिलों की पुलिस ने संयुक्त बैठक की।
कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस ने सड़कों पर वाहनों के डायवर्जन का खाका तैयार कर लिया है। ट्रैफिक डायवर्जन को पांच फरवरी से लागू कर दिया जाएगा जोकि 15 फरवरी तक लागू रहेगा। जिले में भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी। हालांकि जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति के वाहन रात में 11 बजे से सुबह चार बजे तक चल सकेंगे। पंद्रह फरवरी को महाशिवरात्रि है। शिवालयों में जलाभिषेक करने के लिए शिवभक्त हरिद्वार से कांवड़ लेकर निकलते हैं। ऐसे में रास्तों पर कांवड़ियों की भीड़ उमड़ती है। पैदल चल रहे कांवड़ियों की यात्रा सुगम हो सके, इसके लिए वाहनों का डायवर्जन भी जरूरी हो जाता है। सोमवार को एसपी अभिषेक झा ने ट्रैफिक डायवर्जन के प्लान पर हामी भरते हुए पांच फरवरी से लागू करने के आदेश जारी कर दिए।
ट्रक, डंपर, डीसीएम, ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित सभी भारी मालवाहक वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरना होगा। केवल खाद्य सामग्री, पेट्रोलियम, गैस और मेडिकल से जुड़े आवश्यक वस्तुओं के वाहनों को ही जिले में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इन वाहनों का आवागमन भी रात 11 बजे से सुबह 4 बजे तक थाना मोबाइल की एस्कॉर्ट व्यवस्था में कराया जाएगा। बिजनौर से हरिद्वार जाने वाले हल्के और भारी वाहन गंगा बैराज होते हुए मुजफ्फरनगर मार्ग से भेजे जाएंगे। जबकि कांवड़ियों के वाहनों को मंडावर, नांगल, मंडावली और भागूवाला होते हुए हरिद्वार की ओर भेजा जाएगा। बिजनौर से मंडावर-बालावाली-लक्सर मार्ग पर भारी और मध्यम वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
कोटद्वार और पौड़ी की तरफ जाने वाले वाहन बिजनौर से फोरलेन हाईवे से होते हुए नजीबाबाद और नजीबाबाद बाईपास के जरिए कोटद्वार की तरफ जाएंगे। हरिद्वार को कोटद्वार जाने वाले हल्के वाहन समीपुर नहर पटरी से निकाले जाएंगे। जबकि हरिद्वार से कोटद्वार जाने वाले भारी वाहन मुजफ्फरनगर के रास्ते बिजनौर आएंगे और किरतपुर नजीबाबाद होते हुए कोटद्वार की तरफ जाएंगे। मुरादाबाद, काशीपुर और मुजफ्फरनगर की दिशा से आने-जाने वाले भारी वाहनों को हापुड़, संभल, अनूपशहर के गुजरने वाले वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। डायवर्जन के दौरान ट्रक, डंपर, डीसीएम, ट्रैक्टर-ट्रॉली व अन्य भारी वाहनों पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा जबकि खाद्य सामग्री, गैस, पेट्रोलियम व मेडिकल से जुड़े आवश्यक वाहन रात 11 बजे से सुबह 4 बजे तक चल सकेंगे।
Trending
- पीएम मोदी ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का किया उद्घाटन, कहा- ये नौजवानों के भविष्य को उड़ान देगा
- विवाहित पुरुष और महिला का लिव इन में रहना अपराध नहीं : हाईकोर्ट
- पिता से कानूनी लड़ाई के बाद इच्छामृत्यु मिली, रेप के बाद आत्महत्या की कोशिश की थी, तीन साल से व्हीलचेयर पर थी
- जिम की बढ़ती संख्या अनहोनी घटनाओं को रोकने के लिए सरकार बनाएं नियम
- पांच मिनट पहले आ जाते तो, बीमारी नहीं छिपानी चाहिए, डॉक्टर साहब साहब ऐसे शब्दों का उच्चारण परिवारों में शांति के लिए बंद ही कर दीजिए तो अच्छा है
- वैद्यनाथ धाम के दानपात्रों से पाक करेंसी मिली
- प्रयागराज: गंगा में नहाने गए 7 बच्चे डूबे, 4 की मौत
- केबीसी की प्रतिभागी रही तहसीलदार बाढ़ घोटाले में गिरफ्तार

