देहरादून 01 अप्रैल। अगर आप इस साल बाबा केदारनाथ के दर्शन करने की योजना बना रहे हैं और पैदल चलने के बजाय हेलीकॉप्टर से जाना चाहते हैं। तो आपके लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास परिषद (UCADA) ने केदारनाथ धाम के लिए हेलीकॉप्टर शटल सेवाओं के किराए तय कर दिए हैं। अच्छी बात यह है कि कुछ रूटों पर पिछले साल के मुकाबले किराया कम भी हुआ है।
कब खुलेंगे कपाट?
अगर आप केदारनाथ की पहाड़ियों में स्थित बाबा के दरबार तक हेलीकॉप्टर से पहुंचना चाहते हैं तो अपनी डायरी में 10 अप्रैल की तारीख नोट कर लीजिए। इसी दिन से हेलीकॉप्टर सेवाओं की ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को खुल रहे हैं। इसलिए बुकिंग की प्रक्रिया समय रहते शुरू की जा रही है ताकि यात्रियों को ऐन मौके पर भाग-दौड़ न करनी पड़े।
सरकार ने तीन अलग-अलग स्थानों से हेलीकॉप्टर उड़ान भरने की व्यवस्था की है। खास बात यह है कि सिरसी से जाने वाले यात्रियों के लिए पिछले साल के मुकाबले किराया कम किया गया है।
सिरसी से केदारनाथ: इस बार किराया 3043 रुपये तय किया गया है जो पिछले साल 4250 रुपये था। यहां से यात्रा करने के लिए आपको 4840 रुपये देने होंगे।
गुप्तकाशी से केदारनाथ: इस रूट का किराया 6077 रुपये निर्धारित किया गया है ये पिछले साल 6222 रुपये था।
हालांकि यात्री इस बात को ध्यान में रखें कि यह किराया ‘वन वे’ (एक तरफ का) है। इसके अलावा जीएसटी और पोर्टल का सुविधा शुल्क अलग से देय होगा।
टिकट बुक करने का सही तरीका
ठगी से बचने के लिए यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ही टिकट बुक करें। हेलीकॉप्टर सेवा की बुकिंग IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट https://www.heliyatra.irctc.co.in पर जाकर की जा सकती है। किसी भी फर्जी वेबसाइट या एजेंट के झांसे में न आएं क्योंकि बुकिंग पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी रखी गई है।
कुल 8 ऑपरेटर संभालेंगे जिम्मेदारी
इस बार यात्रा को सुरक्षित और आसान बनाने के लिए कुल 8 हेलीकॉप्टर ऑपरेटरों का चयन किया गया है। गुप्तकाशी से दो, फाटा से चार और सिरसी के दो हेलीपैड से ये सेवाएं संचालित होंगी। UCADA के सीईओ आशीष चौहान ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को ऊंचे हिमालयी क्षेत्र में कोई परेशानी न हो।

