गाजियाबाद 27 मार्च। गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना पुलिस ने नकली नोटों के सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 500 रुपये के 234 नकली नोट बरामद किए हैं. गिरफ्तार किए आरोपियों द्वारा नकली नोटों को कम कीमत में बेचा जाता था. पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है.
पुलिस के मुताबिक, 25 मार्च 2026 को सूचना मिली थी की लोनी बॉर्डर क्षेत्र के स्थानीय मार्केट में कुछ लोग नकली नोट चलाने की कोशिश कर रहे हैं. पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और जाल बिछाकर तीन आरोपियों को धर दबोचा. गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुबोध कुमार (46), रोहित (26) और मुन्ना उर्फ हरीश (30) के रूप में हुई है. सुबोध और रोहित दिल्ली के नेब सराय इलाके के रहने वाले हैं और आपस में चाचा भतीजे बताए जा रहे हैं. मूल रूप से चाचा भतीजे बिहार के रहने वाले हैं. वहीं, मुन्ना नोएडा के सलारपुर क्षेत्र का रहने वाला है और पेशे से ऑटो चालक है.
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी नकली नोटों को बाजार में खपाकर मोटा मुनाफा कमाते थे. कई बार आरोपी नकली नोटों को असली नोट बताकर बेचते थे. नेटवर्क के तहत गिरफ्तार किए आरोपी लोनी बॉर्डर क्षेत्र में रहने वाले अभिषेक उर्फ गज्जू को नकली नोट सप्लाई करने आए थे. अभिषेक नकली नोटों को आगे सप्लाई करने वाला था. सप्लाई करने पहुंचे तीनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जबकि अभिषेक मौके से फरार हो गया. अभिषेक की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरोह कब से सक्रिय था और अब तक कितनी मात्रा में नकली नोट बाजार में खपाए गए हैं, इसकी जांच की जा रही है. फरार आरोपी अभिषेक उर्फ गज्जू के साथ-साथ उसे अज्ञात सप्लायर की तलाश भी तेज कर दी गई है जो कि झारखंड का निवासी बताया जा रहा है. इसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को नकली नोट दिए जाते थे.

