मेरठ, 14 फरवरी (दैनिक केसर खुशबू टाईम्स)। मेरठ सहित वेस्ट यूपी में 17-18 फरवरी को बौछारों से लेकर हल्की बारिश का दौर चलने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार 16 फरवरी को पहाड़ों पर पहुंच रहे पश्चिमी विक्षोभ का असर मैदानों में 17-18 फरवरी को हो सकता है। हालांकि इसका असर व्यापक नहीं होगा। ऐसे में कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ जगह केवल बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार इससे दिन में पारा फिसल सकता है। 18 फरवरी की रात से 19-20 फरवरी तक मैदानों में उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाएं चल सकती हैं। इससे रात के तापमान में कुछ गिरावट हो सकती है। 20 फरवरी के बाद मेरठ सहित वेस्ट यूपी में दिन-रात के तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं। सर्दी के सीजन की यह आखिरी बारिश हो सकती है। शुक्रवार को मेरठ में दिन-रात के तापमान क्रमशरू 26.4 एवं 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

आधार कार्ड में जन्मतिथि बदलवाने के नियम हुए सख्त
लखनऊ, 14 फरवरी। कई लोग उम्र कम दिखाने के लिए आधार में जन्मतिथि बदलवाते हैं। इसमें अलग-अलग जन्म प्रमाणपत्रों को इस्तेमाल किया जाता है। मतलब पहला वाला प्रमाणपत्र निरस्त करवा दूसरा बनवा लिया जाता है। उसके आधार पर आसानी से जन्मतिथि बदलवा ली जाती है लेकिन अब ये हेरफेर नहीं हो सकेगा। इसके लिए नियम को बदलकर सख्त कर दिया गया है।
दरअसल जो जन्म प्रमाणपत्र बनते हैं उनमें विशेष जन्म पंजीकरण संख्या दर्ज होती है। अब जो भी आधार कार्डधारक जन्मतिथि बदलवाना चाहेगा तो उसको पहले वाले जन्म प्रमाणपत्र में ही सुधार करवाना होगा। मतलब प्रमाणपत्र की जन्म पंजीकरण संख्या पहले वाली ही होनी चाहिए। अगर कोई आवेदक नई जन्मतिथि का नया प्रमाणपत्र बनवाकर लगाएगा तो ये स्वीकार नहीं किया जाएगा। यानी पहले जन्मतिथि दर्ज थी, वही रहेगी। कुछ लोग नौकरी में अधिक मौके के लिए जन्मतिथि में बदलाव करवाते हैं। विभिन्न खेलों से जुड़े कुछ खिलाड़ी भी इस तरह जन्मतिथि में बदलाव करवाते रहते हैं। इसके अलावा कुछ ऐसे हैं जो एक से अधिक बार हाईस्कूल की परीक्षा देते हैं तो वह भी जन्मतिथि बदलते हैं। अब जो नियम बना, उसके तहत ये खेल नहीं हो पाएगा। जो भी ऐसा करेगा, वह पकड़ा जाएगा। आधार अपडेट करवाने के लिए क्षेत्रीय कार्यालयों से लेकर केंद्रों पर भारी भीड़ लगी रहती है। आंकड़ों से पता चलता है कि करीब 80 फीसदी लोग आधार में जन्मतिथि बदलवाने आते हैं। हेरफेर न हो इसके लिए पहले ही नियम बना था कि एक से अधिक बार खुद से जन्मतिथि नहीं बदलवा सकते हैं। एक से अधिक बार के लिए क्षेत्रीय कार्यालय जाना होता है। इसके बावजूद जन्म प्रमाणपत्र नया बनवाकर हेरफेर कर लेते थे।

ढाका में पहली बार हिंदू सांसद गायेश्वर चंद्र रॉय जीते
ढाका, 14 फरवरी। बांग्लादेश के 13वें राष्ट्रीय संसदीय चुनाव में एक अहम राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के वरिष्ठ नेता और अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय से आने वाले गायेश्वर चंद्र रॉय ने ढाका-3 संसदीय सीट पर प्रभावशाली जीत दर्ज की है। रॉय ने 99,163 वोट हासिल कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मोहम्मद शाहिनुर इस्लाम को पराजित किया। शाहिनुर इस्लाम जमात-ए-इस्लामी के उम्मीदवार थे। यह जीत 1971 में स्वतंत्रता के बाद ढाका से चुने गए पहले हिंदू सांसद के रूप में दर्ज की गई है। रॉय की जीत ऐसे समय में आई है जब देश में हिंदू अल्पसंख्यक समुदाय के खिलाफ कथित हमलों और उत्पीड़न की खबरें सामने आती रही हैं। दिसंबर में कट्टरपंथी युवा नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के बाद कई स्थानों पर तनाव की स्थिति बनी थी। भारत ने भी बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों, खासकर हिंदू समुदाय की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। ऐसे माहौल में एक हिंदू नेता का राजधानी क्षेत्र से जीतना राजनीतिक और सामाजिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दूसरी ओर, जमात-ए-इस्लामी द्वारा उतारे गए इकलौते हिंदू उम्मीदवार कृष्णा नंदी को खुलना-1 सीट से हार का सामना करना पड़ा। नंदी को 70,346 वोट मिले, जबकि बीएनपी के उम्मीदवार अमीर एजाज खान ने 1,21,352 वोट हासिल कर स्पष्ट जीत दर्ज की।

ईडी की हिरासत में लोढ़ा डेवलपर्स के पूर्व निदेशक
मुंबई, 14 फरवरी। मुंबई की विशेष पीएमएलए कोर्ट ने गत दिवस रियल एस्टेट कंपनी लोढ़ा डेवलपर्स लिमिटेड के पूर्व निदेशक राजेंद्र लोढ़ा को ईडी की हिरासत में भेज दिया। राजेंद्र लोढ़ा को सितंबर 2025 में पुलिस की अपराध शाखा ने धोखाधड़ी और जालसाजी केस में गिरफ्तार किया था। वह तब से जेल में हैं। ईडी ने धनशोधन मामले में उन्हें गिरफ्तार किया। गत दिवस राजेंद्र को जज आरबी रोटे की अदालत में पेश किया गया था।

