कोसीकलां 02 मार्च। फालैन में होलिका और भक्त प्रहलाद की लीला एक बार फिर साकार होगी परंपरा की जीवित रखने के लिए तीन मार्च की सुबह करीब चार बजे संजू पंडा होली की जलती लपटों से निकलेंगे।
मेले में गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण, नरदेव चौधरी हिस्सा लेंगे। होली मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गांव फालैन में होलिका के दहकते अंगारों के बीच से गुजरने की अग्निपरीक्षा देने के लिए संजू पंडा एक माह से कठोर तप पर बैठे हैं। होलिका दहन के दिन जब दीपक की लौ उनकी हथेली को शीतलता का एहसास कराएगी तभी संजू तेज कदमों से होलिका की लपटों को चीरते हुए आगे बढ़ जाएंगे संजू लगातार दूसरी बार इस रस्म को निभाएंगे।
कोसीकलां से करीब पांच किलोमीटर स्थित फालैन के प्रहलादजी मंदिर पर सोमवार की सुबह जैसे ही आरती के बाद सुबह घड़ी 10 बजने का इशारा करेगी । गांव सुपाना, राजागढ़ी, भीकागढ़ी, नगला , बल्लगढ़ी, नगरिया तीन विसा, सात विसा, दस विसा , विशंभरा, पैगांव आदि गांवों से हुरियारों की टोलियां ढप, ढोल , नगाड़े लेकर फालैन स्थित प्रहलादजी मंदिर की ओर कूच करना शुरू कर देंगी।
पूरे दिन होलिका पूजन और गली गली में हुरियारों का समाज गायन और हुड़दंग लोगों को गुलाल और अबीर खेलने को लालायित कर देगा। दोपहर में धमार गायन होगा और शाम ढलते ही मेला चरम पर होगा। शाम से जगह- जगह होली, धमार गायन, अन्य कार्यक्रमों का आयोजन पूरे गांव में होगा।
फालैन में पंडा मेले के लिए शाम से ही लोग प्रहलादजी व उनकी माला को लेकर होलिका से निकलने के लिए पूजा पर बैठे संजू पंडा के दर्शनों के लिए लोग जुटेंगे। तीन मार्च को सुबह करीब पौने चार बजे से संजू पंडा शुभ घडी को देखते हुए दीपक की लौ पर हाथ रखकर होलिका से निकलने की अनुमति मांगेंगे। जैसे ही उन्हें दीपक की लौ ठंडी प्रतित होगी वैसे ही वे ग्रामीणों को होलिका में अग्नि प्रवेश का इशारा कर देंगे। जब होलिका की आग अपने चरम पर होगी तभी संजू पंडा प्रहलाद कुंड में स्नान कर होलिका में प्रवेश कर जाएंगे। संजू पंडा इस बार इस परंपरा को दूसरी बार निभाने जा रहे है।

