अपना शब्द लिखें और खोजने के लिए एंटर दबाएँ!

अयोध्या. रामनगरी अयोध्या आज दसवें दीपोत्सव पर एक बार फिर विश्व कीर्तिमान बनाने जा रही है। राम की पैड़ी सहित सरयू तट के 56 घाटों पर 30 लाख से अधिक दीये सजाए जा चुके हैं। अवध विश्वविद्यालय के 35 हजार स्वयंसेवकों ने तीन दिन की मेहनत के बाद शुक्रवार को दीप सज्जा का काम पूरा कर लिया।
शाम को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में घाटों पर एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इस बार का दीपोत्सव इसलिए भी खास है, क्योंकि पहली बार देश के उपराष्ट्रपति रामनगरी के इस महापर्व के साक्षी बनेंगे।
दीपोत्सव के नोडल अधिकारी प्रो. एसएस मिश्र के मुताबिक, शनिवार सुबह से स्वयंसेवक दीयों में तेल और बाती डालने का काम करेंगे। इसके लिए 900 घाट समन्वयक, 112 घाट प्रभारी और 27 पर्यवेक्षकों की जिम्मेदारी तय की गई है।
प्रत्येक टीम को अपने निर्धारित क्षेत्र में तय समय के भीतर काम पूरा करना होगा। दीप सज्जा पूरी होने के बाद कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इतने बड़े लक्ष्य को निर्धारित समय में पूरा करना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन स्वयंसेवकों ने परिश्रम, अनुशासन और समर्पण से इसे संभव बनाया।