अपना शब्द लिखें और खोजने के लिए एंटर दबाएँ!

नई दिल्ली. कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, तकनीक, ऊर्जा और सुरक्षा समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। पीएम मोदी ने कहा कि भारत कनाडा के साथ रचनात्मक और दूरदर्शी रणनीतिक साझेदारी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे दोनों देशों के लोगों को ठोस लाभ मिल सके।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद से मुलाकात सुखद रही। इस दौरान भारत-कनाडा संबंधों को और मजबूत करने के विभिन्न पहलुओं पर उपयोगी चर्चा हुई। इसमें व्यापार, तकनीक, सुरक्षा, ऊर्जा, शिक्षा और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसे विषय शामिल रहे।
पीएम मोदी के साथ कनाडाई विदेश मंत्री ने किन मुद्दों पर की चर्चा?
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, बैठक में पीएम मोदी और आनंद ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए जारी प्रयासों और साझा हितों वाले क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। इनमें व्यापार, विज्ञान एवं तकनीक, रक्षा, सुरक्षा, ऊर्जा, शिक्षा, जनसंपर्क और बहुपक्षीय सहयोग शामिल हैं।
पीएम मोदी ने द्विपक्षीय बातचीत की गति बनाए रखने और उसे ठोस नतीजों में बदलने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) पर बातचीत जल्द पूरी करने के महत्व को भी रेखांकित किया।