नई दिल्ली, 15 जुलाई (ता)। प्रवर्तन निदेशालय ने महादेव ऑनलाइन बेटिंग एप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एबिक्स के चेयरमैन विकास गर्ग को गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों के अनुसार, ईडी ने विकास गर्ग को दिल्ली स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद ट्रांजिट रिमांड हासिल कर उन्हें रायपुर ले जाया जा रहा है, जहां पीएमएलए कोर्ट में पेश किया जाएगा।
हाल ही में ईडी ने विकास गर्ग, उनके परिवार के सदस्यों और उनके नियंत्रण वाली कंपनियों की 940.77 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच की थीं। जांच एजेंसी का आरोप है कि महादेव ऑनलाइन बेटिंग एप से कमाया गया अवैध पैसा विकास गर्ग के स्वामित्व और नियंत्रण वाली कंपनियों में पहुंचाया गया। इसके बाद इन पैसों को कई कंपनियों के जरिए लेयरिंग कर शेयर, सिक्योरिटीज और अन्य संपत्तियों की खरीद में इस्तेमाल किया गया।
केंद्रीय एजेंसी ने कहा था कि उसने जांच के तहत गर्ग, उनके परिवार के सदस्यों और उनसे जुड़ी संस्थाओं की 940.77 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की है। ईडी ने कहा कि कुर्की की कार्रवाई महादेव ऑनलाइन बुक/स्काईएक्सचेंज ऑनलाइन सट्टेबाजी मामले में धनशोधन जांच का हिस्सा है। एजेंसी ने आरोप लगाया है कि महादेव सट्टा ऐप मामले में छत्तीसगढ़ के कई बड़े नेता और नौकरशाह संलिप्त हैं और इस मामले में अपराध से हुई कमाई 6,000 करोड़ रुपये है।
ईडी का आरोप है कि ‘महादेव ऑनलाइन बुक’ और ‘स्काईएक्सचेंज’ (दुबई स्थित एक्सचेंज) के गैर-कानूनी सट्टेबाजी कारोबार से कमाए गए पैसे को ‘हवाला’ के जरिये कई स्तरों वाले ढांचे के जरिए ठिकाने लगाया गया. जांच में खुलासा हुआ कि सट्टेबाजी कारोबार से हुई 940.77 करोड़ रुपये की अवैध कमाई को इसी तरह से उन कंपनियों में भेजा गया, जिनकी मिल्कियत और ‘नियंत्रण’ गर्ग के पास थी. ईडी का आरोप है कि इस धन का इस्तेमाल शेयर, प्रतिभूति और दूसरी संपत्तियां खरीदने के लिए किया गया था।
इस मामले में 14वीं गिरफ्तारी है. रायपुर की विशेष पीएमएलए अदालत में अब तक दाखिल पांच आरोप पत्र में 74 लोगों/संस्थाओं को आरोपी बनाया गया है। एजेंसी ने इस मामले में नामजद अन्य लोगों, जैसे अनिल अग्रवाल (उर्फ अतुल) और शुभम सोनी को ‘भगोड़ा आर्थिक अपराधी’ घोषित कराने के लिए अदालत का रुख किया है।
Trending
- Nepal Flood राहत: US ने की 5 लाख डॉलर मदद की घोषणा, Sri Lanka देगा 10 लाख डॉलर
- मेरठ CCSU : 700 KM सफर कर मार्कशीट लेने पहुंचा छात्र, तीन बार थमा दी ‘फेल’ अंकतालिका
- 25 Years of SCO: उज्बेकिस्तान-किर्गिस्तान दौरे पर PM मोदी, ‘Global South’ की आवाज बुलंद करने की बड़ी तैयारी
- रक्षाबंधन से पहले जाम का झाम: दिल्ली-जयपुर हाईवे पर 8 किमी तक लगी वाहनों की कतार, गाजियाबाद में भी थमी रफ्तार
- भाजपा नेता नीतिन बाला जी पर गत रात को हमला, नागरिकों में रोष
- अनन्या पांडे और वॉकर ब्लांको का रिश्ता खत्म
- राजस्थान हाईकोर्ट के जज को हटाने की मांग
- न्यूयार्क के मेयर ने मैडिसन स्क्वायर गार्डन में भागवत के कार्यक्रम का विरोध किया

