चंडीगढ़, 29 अप्रैल (प्र)। पंजाब के पटियाला जिले में गत देर रात शंभू-राजपुरा के बीच स्थित डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (मालगाड़ी ट्रैक) पर एक जोरदार धमाका हुआ। धमाके से रेलवे पटरी को काफी नुकसान पहुँचा। घटनास्थल से एक अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ है। शुरुआती जाँच में पुलिस को शक है कि यह व्यक्ति रेल की पटरी पर बम लगाने की कोशिश कर रहा था और इसी दौरान विस्फोटक फटने से वह खुद ही इसका शिकार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पटियाला के एसएसपी और डीआईजी ने भारी पुलिस बल और बम स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने घटनास्थल को पूरी तरह सील कर दिया है और वहाँ से दो मोटरसाइकिल, तार, अन्य विस्फोटक सामग्री और एक टूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद किया है। फॉरेंसिक टीम वहाँ से नमूने इकट्ठे कर रही है ताकि इस्तेमाल किए गए विस्फोटक की पहचान की जा सके।
विस्फोट की भयावहता की सूचना मिलते ही पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा, घनौर के डीएसपी दलजीत विरक और एसएचओ गुरमुख सिंह विरक भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँच गए। देर रात तक पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां टॉर्च और आधुनिक उपकरणों की मदद से साक्ष्य जुटाने में व्यस्त रहीं। एहतियात के तौर पर उत्तर रेलवे ने इस मार्ग से गुजरने वाली सभी गाड़ियों को नजदीकी स्टेशनों पर खड़ा कर दिया है, जिससे यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा।
हालाँकि अभी एक तरफ का ट्रैक मरम्मत के लिए बंद है, लेकिन दूसरी तरफ से ट्रेनों की आवाजाही जारी है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से इस मामले की जाँच कर रही है और जल्द ही बड़े खुलासे का दावा किया है।
वर्तमान में रेलवे के तकनीकी विशेषज्ञों की टीम ट्रैक की मरम्मत में जुटी है ताकि यातायात को जल्द बहाल किया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह कोई आतंकी हमला था या स्थानीय शरारत। फिलहाल, पूरे राज्य में रेलवे स्टेशनों और संवेदनशील ट्रैक पॉइंट्स पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
Trending
- विशाखापट्टनम में गूगल के मेगा एआई डेटा सेंटर का शिलान्यास
- 25 लाख टन गेहूं निर्यात को हरी झंडी
- हर धार्मिक संस्था के लिए नियम जरूरी
- मंदिरों-गुरुद्वारों को अमेरिका में खतरों से बचाने की तैयारी
- भाजपा ब्राह्मण विरोधी पार्टी : माता प्रसाद पाड़े
- फर्जी अल्ट्रासॉउन्ड सेंटर पर छापेमारी, संचालक गिरफ्तार
- सोमनाथ हमारी अविरल सनातन संस्कृति का केंद्र
- सीबीआई संयुक्त निदेशक और रिटायर्ड पुलिस अधिकारी को 3-3 माह की सजा

