नई दिल्ली 27 मार्च। मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल आया है। तेल की कीमतों में उछाल की आशंकाओं के बीच भारत सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कटौती का फैसला लिया है।
न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार, केंद्र सरकार ने गुरुवार को एक आदेश जारी कर पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में 10-10 रुपए की कटौती कर दी है। पेट्रोल पर एक्साइड ड्यूटी 13 रुपए प्रति लीटर से घटाकर 3 रुपए प्रति लीटर कर दिए गए हैं, जबकि डीजल पर 10 से घटाकर शून्य कर दी गई है।
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध के कारण कच्चे तेल की आपूर्ती में आई बाधा के बीच केंद्र सरकार ने एक्साइज ड्यूटी में कटौती का फैसला लिया है। होमुर्ज स्ट्रेट में ईरान द्वारा लगाए गए प्रतिबंध के कारण वैश्विक कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर से ऊपर पहुंच गई हैं। इससे तेल कंपनियों को 30 रुपए प्रति लीटर तक घाटा हो रहा था। घाटा कवर करने के लिए तेल कंपनियां दाम बढ़ा सकती थीं।
गौरतलब है कि भारत में पेट्रोल-डीजल की किल्लत की अफवाहों के बीच पेट्रोल पंप पर लोगों की लंबी-लंबी लाइनें देखने को मिल रहीं हैं। इस बीच नायरा एनर्जी जैसी निजी कंपनियों ने पेट्रोल-डील के दाम बढ़ा दिए हैं।
एक ओर जहां नायरा एनर्जी जैसी निजी कंपनियों ने पेट्रोल-डील के दाम बढ़ा दिए हैं, तो वहीं सरकारी तेल कंपनियों के रेट स्थिर रहने से पेट्रोल पंपों पर अफरा-तफरी का माहौल है। एक दिन पहले, भारत की सबसे बड़ी निजी ईंधन विक्रेता कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल की कीमतों में 5.30 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की थी।
भारत में शुक्रवार, 27 मार्च को डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ, हालांकि सरकार ने उत्पाद शुल्क में कटौती का निर्णय लिया था। डीजल की कीमतों की बात करें तो हैदराबाद में उच्चतम कीमत 95.70 रुपये प्रति लीटर है। जबकि सबसे कम चंडीगढ़ में 82.45 रुपये प्रति लीटर है। दिल्ली में आज पेट्रोल की कीमत 94.72 रुपये और डीजल की कीमत 87.62 रुपये प्रति लीटर है। मुंबई में पेट्रोल का भाव 104.21 रुपये प्रति लीटर जबकि डीजल का भाव 92.15 रुपये प्रति लीटर है। कोलकाता में पेट्रोल का भाव 103.94 रुपये प्रति लीटर जबकि डीजल का भाव 90.76 रुपये प्रति लीटर है। चेन्नई में पेट्रोल 100.75 रुपये और डीजल 92.34 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।

