नई दिल्ली, 05 जुलाई (ता)। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के ई-20 पेट्रोल के विरोध में प्रधानमंत्री आवास तक प्रस्तावित मार्च से आधे घंटे पहले ही दिल्ली पुलिस ने आप मुख्यालय की घेराबंदी कर दी। इस दौरान बड़ी संख्या में दिल्ली पुलिस और सीआरपीएफ के जवान तैनात किए गए हैं। फिरोजशाह रोड यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।
दरअसल, दिल्ली पुलिस ने प्रस्तावित यात्रा को अनुमति देने से इंकार कर दिया है। यह यात्रा ई20 पेट्रोल के विरोध में आयोजित की जानी थी। पुलिस सूत्रों ने पुष्टि की कि न तो केजरीवाल और न ही उनकी पार्टी ने करीब 100 लोगों की इस यात्रा के लिए औपचारिक अनुमति मांगी थी। न ही कोई मंजूरी दी गई थी। अधिकारियों ने यह भी बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू है, जो प्रधानमंत्री निवास की ओर किसी भी जुलूस या यात्रा पर रोक लगाती है।
इस बीच अरविंद केजरीवाल का काफिला फिरोजशाह रोड पर पहुंच गया था। हालांकि, पुलिस ने इसके आगे नहीं जाने दिया। पुलिस के मना करते ही केजरीवाल के समर्थक सड़क पर बैठ गए और वहीं धरना शुरू हो गया।
भीड़ के बीच में केजरीवाल ने कहा कि पेपर लीक से भी यह बड़ा आंदोलन करना पड़ेगा, तब मोदी जी झुकेंगे। मोदी जी पर ट्रंप का दबाव है, इसलिए इतनी आसानी से मानने वाले नहीं है। मोदी जी की पुलिस ने हमें आगे नहीं जाने दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस कह रही है कि मोदी जी कह रहे हैं, वह नहीं मिलेंगे। आप कार्यकर्ताओं ने सभी पिटिशन दिल्ली पुलिस की गाड़ी में रखवा दिए हैं। इसी के साथ धरना समाप्त हुआ। केजरीवाल ने अपने समर्थकों के साथ करीब 1 घंटे तक धरना दिया।
केजरीवाल ने गत दिवस इस यात्रा की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि वे व्यक्तिगत रूप से पेट्रोल में एथेनॉल के अनिवार्य मिश्रण का विरोध करने वाले दो लाख से अधिक लोगों द्वारा हस्ताक्षरित याचिका सौंपेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में अमेरिका से एथेनॉल आयात बढ़ाने के लिए ई20 ईंधन को बढ़ावा दे रही है।
वहीं, इस मिश्रण से वाहनों में तकनीकी समस्याएं पैदा हो रही हैं। इससे पहले आप नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मुलाकात की मांग की थी और ई20 के साथ शुद्ध पेट्रोल को कम कीमत पर उपलब्ध कराने की मांग की थी।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने इस विरोध योजना को आप और कांग्रेस के बीच अधिक विघटनकारी दिखने की राजनीतिक होड़ करार दिया। उन्होंने केजरीवाल पर आरोप लगाया कि वे बिना अनुमति के कार्रवाई की घोषणा करने और फिर पुलिस द्वारा रोके जाने पर पीड़ित होने का दावा करने की पुरानी शैली अपना रहे हैं। पुलिस ने साफ कर दिया है कि प्रधानमंत्री निवास तक कोई यात्रा अनुमति नहीं दी जाएगी।
Trending
- पुलिस पर हमले-बलवे में शामिल कांवड़ियों पर मुकदमा दर्ज
- राज्य सरकार ने किए 4 कमिश्नर समेत 13 आईएएस इधर से उधर
- सीबीएसई स्कूलों में स्थापित होंगी एनएसएस सेल्फ फाइनेंसिंग यूनिट की शाखाएं
- कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट के मामले में मुख्यमंत्री को पत्र भेजा
- कार गैराज में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना दिख रही
- विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना में 14 नए ट्रेड शामिल, 10 लाख तक बिना गारंटी और ब्याज का ऋण
- केजरीवाल ने पीएम आवास तक मार्च किया
- संविधान किसी भी महिला को अपनी पसंद के वस्त्र पहनने का अधिकार देता है : अमन

