मेरठ 03 अगस्त (प्र)। स्वतंत्रता दिवस से पहले मेरठ में देशभक्ति का माहौल बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशन पर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने के लिए भाजपा महानगर कार्यालय हरमन सिटी, बागपत रोड पर कार्यशाला की गई। इसमें अभियान की रूपरेखा तय की गई और 10 से 15 अगस्त तक चलने वाले कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां पदाधिकारियों को सौंपी गई। मंच पर मौजूद अतिथियों का तिरंगा पटका और तिरंगा बैज लगाकर स्वागत किया गया।
महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिला अभियान समिति का गठन किया गया है। महानगर उपाध्यक्ष ललित नागदेव को महानगर संयोजक बनाया गया है, जबकि विवेक वाजपेयी, संजीव शर्मा और अमित गर्ग को सह संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि 10 से 12 अगस्त तक प्रत्येक मंडल और वार्ड में युवा मोर्चा के नेतृत्व में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। 13 अगस्त को महानगर स्तर पर समाज के सभी वर्गों और प्रबुद्ध नागरिकों की सहभागिता से भव्य तिरंगा यात्रा निकलेगी। इसके बाद 13 से 15 अगस्त तक पार्टी कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करेंगे कि महानगर के प्रत्येक घर और प्रतिष्ठान पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाए। अभियान के दौरान महापुरुषों प्रतिमाओं और शहीद स्मारकों पर स्वच्छता अभियान चलाकर माल्यार्पण किया जाएगा।
स्वतंत्रता सेनानियों और शहीद परिवारों को मिलेगा सम्मान
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, वीर सैनिकों और देश की सेवा में शहीद हुए पुलिसकर्मियों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर मौन जुलूस निकालकर विभाजन की त्रासदी झेलने वाले परिवारों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। कार्यशाला में महापौर हरिकांत अहलूवालिया, नरेंद्र उपाध्याय, सीमा श्रीवास्तव, पूजा बंसल, डॉ. अजय दीवान, अमित शर्मा, विशाल कन्नौजिया, विभोर चौधरी, पंकज कतीरा, डॉली गुप्ता, कुलदीप गुप्ता, सुशील प्रजापति सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

