मेरठ 29 जुलाई (प्र)। कांवड़ यात्रा के चलते भैंसाली एवं मेरठ डिपो की रोडवेज बसों का संचालन 30 जुलाई से शिफ्ट हो जाएगा। इन दोनों डिपो की बसों का संचालन सोहराब गेट एवं पांच अस्थायी बस अड्डों से किया जाएगा।
रूट परिवर्तित होने की वजह से दूरी बढ़ने पर प्रति किलोमीटर एक रुपया 30 पैसे किराया में वृद्धि हो जाएगी। अभी तक मेरठ से हरिद्वार का किराया 260 रुपये है, जो बढ़कर 267 रुपये हो जाएगा। इसी तरह सोहराब गेट डिपो की बस में दिल्ली से हरिद्वार का किराया 385 से बढ़कर 413 रुपये हो जाएगा।
सोहराब गेट डिपो के प्रभारी एआरएम राजीव कुमार और मेरठ डिपो के प्रभारी एआरएम सोमपाल सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा के चलते प्रशासन की तरफ से 29 जुलाई की रात से रूट डायवर्जन लागू करना तय हुआ है। इसी के चलते 30 जुलाई की सुबह से रोडवेज बसों का संचालन परिवर्तित रूटों से किया जाएगा।
सोहराब गेट अड्डा से संचालित बसों को हापुड़ रोड से होते हुए वाया मोदीनगर दिल्ली की तरफ निकाला जाएगा। वहीं, मेरठ से हरिद्वार जाने वाले बसों को मवाना से होकर बिजनौर व नजीबाबाद के रास्ते संचालित किया जाएगा। इसी मार्ग से बसों की वापसी होगी। उन्होंने बताया कि रूट परिवर्तित होने पर जितनी दूरी बढ़ेगी, उसी हिसाब से प्रति किलोमीटर 1.30 रुपये किराया बढ़ जाएगा।
हालांकि मेरठ से बागपत, बड़ौत, शामली रूट पर संचालित होने वाली बसों के किराए में थोड़ी कमी आएगी, क्योंकि इन बसों को दिल्ली-देहरादून हाइवे के बाईपास स्थित अस्थायी बस अड्डों से किया जाएगा। मेरठ से देहरादून रूट की बसों को बाईपास से ही संचालित किया जाएगा और इनको दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से निकाला जाएगा।
बुधवार को रूट निर्धारण स्पष्ट होने पर तय किया जाएगा कि कितनी दूरी के साथ कितना किराया बढ़ेगा। उसे तत्काल ईटीएम में फीड करा दिया जाएगा।
तीन रूटों पर 240 अतिरिक्त बसें चलेंगी
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक चौधरी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान तीन रूटों पर कुल 240 अतिरिक्त बसें भी संचालित की जाएंगी। इनमें गढ़-हरिद्वार रूट पर गढ़ डिपो की 20, मेरठ-हरिद्वार रूट पर मेरठ व सोहराब गेट डिपो की 50-50, गढ़ डिपो से 20, दिल्ली-हरिद्वार रूट पर मेरठ डिपो की 30, सोहराब गेट की 20, गढ़ डिपो की 10 व बड़ौत डिपो से 40 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगे।
ये हैं पांच अस्थायी बस अड्डे
बागपत बाईपास : यहां से भैंसाली डिपो की 15 व मेरठ डिपो की सात बसों का संचालन बालैनी तक होगा।
बड़ौत बाईपास : यहां से भैंसाली डिपो की 25 व मेरठ डिपो की चार बसों का संचालन बड़ौत के लिए होगा।
कंकरखेड़ा बाईपास : यहां से मेरठ-शामली एवं सरधना मार्ग की 20 बसों का संचालन किया जाएगा।
पुरा महादेव (बालैनी) : बालैनी से बड़ौत के लिए 36 बसों का संचालन किया जाएगा।
मवाना : यहां से मेरठ डिपो की 50 बसों का संचालन होगा। हरिद्वार जाने वाली बसें शामिल होंगी।

