शिवपुरी 15 जुलाई। जिले के पिछोर क्षेत्र में शादी कराने के नाम पर कथित ठगी और लूट का मामला सामने आया है। हरियाणा के एक परिवार का आरोप है कि शादी का झांसा देकर उनसे 2.25 लाख रुपये, सोने की चेन और मोबाइल छीन लिया गया। इतना ही नहीं, शादी के बाद साथ ले जा रही युवती को भी उसके परिजन वापस ले गए।
प्रीति पत्नी सुधीर फोगाट, निवासी ग्राम घेगोंला, तहसील सोहना, जिला गुरुग्राम ने पुलिस को बताया कि उनके भाई योगेंद्र कुमार जाखड़ की शादी नहीं हुई थी। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के महरानीपुर जिले के ग्राम उलधन निवासी काशीराम अहिरवार और शैलेंद्र अहिरवार ने उनके नाना टेक सिंह से संपर्क कर शादी कराने का भरोसा दिलाया। उनकी बातों पर विश्वास कर 13 जुलाई 2026 को परिवार हरियाणा से कार से बबीना पहुंचा, जहां से दोनों आरोपी उन्हें लेकर शिवपुरी जिले के पिछोर क्षेत्र पहुंचे।
परिवार का आरोप है कि नयागांव चौराहे के पास एक गांव में योगेंद्र की शादी एक युवती से करा दी गई। शादी के बाद जब सभी दुल्हन को लेकर वापस लौट रहे थे, तभी रात करीब साढ़े 9 बजे युवती के परिजन और अन्य लोग रास्ते में आ गए।
आरोप है कि उन्होंने कार रोककर पहले पैसे देने की मांग की और फिर 2.25 लाख रुपये, सोने की चेन और ड्राइवर का मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद युवती को भी अपने साथ वापस ले गए। पीड़ितों का यह भी आरोप है कि उनकी कार में तोड़फोड़ की गई।
पिछोर के एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने बताया कि हरियाणा से से यह लोग शादी करने के लिए आए थे। दोनों पक्षों के बीच लेनदेन को लेकर कोई विवाद हुआ है। मामले में शिकायत आई है। हम मामले की जांच कर रहे है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

