नई दिल्ली 13 जुलाई। पूर्वी दिल्ली के विनोद नगर इलाके में दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल ने अपनी पत्नी को गोली मार दी. वारदात के बाद आरोपी पति पत्नी को घायल अवस्था में सड़क किनारे फेंककर फरार हो गया. गंभीर रूप से घायल महिला को एक डिलीवरी बॉय ने सड़क किनारे पड़े देखा और इंसानियत दिखाते हुए तत्काल एलबीएस अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान प्रियंका के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका पति मनीष है. मनीष दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात है और हाल ही में पूर्वी दिल्ली के ऑटो एंटी थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) में उसकी पोस्टिंग हुई थी. वारदात के बाद से आरोपी फरार है और उसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं.
जिस दिन पति ने पत्नी को गोली मारी, उसी दिन पत्नी का बर्थडे है. वारदात के बाद आरोपी महिला को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया. इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक डिलीवरी बॉय की नजर घायल महिला पर पड़ी. उसने बिना देर किए महिला को एलबीएस अस्पताल पहुंचाया और उसकी जान बचाने की कोशिश की. हालांकि, डॉक्टरों ने इलाज के दौरान प्रियंका को मृत घोषित कर दिया.
शुरुआती जांच में पुलिस को शक है कि प्रियंका की हत्या विनोद नगर स्थित आवास में गोली मारकर की गई. इसके बाद आरोपी ने शव को सड़क किनारे फेंक दिया ताकि घटना को किसी और रूप में पेश किया जा सके. हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सही कारण और वारदात की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी.
पुलिस ने घटनास्थल और आरोपी के घर से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की गतिविधियों और घटना के क्रम का पता लगाया जा सके. पुलिस ने आरोपी कांस्टेबल मनीष के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.

