शामली, 02 जुलाई। शामली में दवा करोबारी के बेटे आयुष के धर्मांतरण और निकाह जैसा ही एक और मामला सामने आया है। बघरा स्थित योग साधना केंद्र के पीठाधीश्वर स्वामी यशवीर महाराज ने वीडियो वायरल कर सहारनपुर की युवती और उसके परिजनों पर आरोप लगाया है।
यशवीर महाराज का आरोप है कि संपत्ति हड़पने के लिए झिंझाना क्षेत्र के खेड़ाभाऊ गांव के एक परिवार के इकलौते बेटे कार्तिक उर्फ भानु को सहारनपुर के ननौता की एक युवती ने प्रेमजाल में फंसाया और उसके घर वालों ने युवक का धर्म परिवर्तन करा दिया। स्वामी यशवीर महाराज ने युवक की मां के बयान का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जारी किया है। आरोप कि आयुष की तरह कार्तिक का भी ब्रेनवॉश किया गया है। स्वामी ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कार्रवाई न होने पर ननौता में युवती के घर के बाहर धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
शामली में मेडिकल व्यवसायी के बेटे के धर्मांतरण का मामला इस समय सुर्खियों में है। इसी बीच बुधवार को स्वामी यशवीर महाराज ने झिंझाना थानाक्षेत्र के खेड़ाभाऊ गांव के युवक कार्तिक सिंह के धर्मांतरण का मामला उठा दिया है। सोशल मीडिया पर जारी वायरल वीडियों में यशवीर महाराज ने आरोप लगाया कि खेड़ाभाऊ गांव का 22 वर्षीय कार्तिक अपने परिवार का इकलौता बेटा है, परिवार संपन्न है उनके पास 35 बीघा भूमि है। आरोप है कि ननौता की एक मुस्लिम युवती और उसके परिजनों आदि ने संपत्ति हड़पने के लिए युवक को जिहाद में फंसाया है। डेढ़ साल से कार्तिक वहीं युवती के साथ रह रहा है। आरोप है कि युवती और उसके परिजन फोन कर कार्तिक के परिजनों को धमकी दे रहे कि तुम्हारे लड़के का इस्लाम में धर्मांतरण करा दिया गया है, वह नमाज पढ़ने लगा है। तुम अपनी 35 बीघा जमीन हमारे नाम करो नहीं तो तुम्हें मार दिया जाएगा। यह परिवार डेढ़ वर्षो से दुखी होकर अपने बेटे को वापस लाने के लिए भटक रहा है। परिजनों ने झिंझाना थाने में तहरीर भी दी लेकिन अभी तक मुकदमा नहीं दर्ज किया गया।

