चंडीगढ़, 30 मई (ता)। एक बार हिट विकेट होना बदक़िस्मती माना जा सकता है, लेकिन लगातार दो मैचों में ऐसा होना बेहद अजीब घटना है। गुजरात टाइटंस (जीटी) के ओपनर साई सुदर्शन अब अपने टी 20 करियर में तीसरी बार हिट विकेट आउट होने के बाद एक अनचाहे रिकॉर्ड का हिस्सा बन गए हैं। हालांकि राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ क्वालीफ़ायर 2 में जीत और टीम के आईपीएल 2026 फ़ाइनल में पहुंचने के बाद वह इस पर हंसते हुए भी नज़र आए। सुदर्शन ने कहा, “मुझे लगता है अब कुछ नया ट्राई करना पड़ेगा। अब शायद मैं कुछ ग्रिप टेक्नोलॉजी आज़माऊंगा। कुछ गेंदें खेलकर देखूंगा कि क्या फर्क पड़ता है। लेकिन सच कहूं तो मेरे पास भी इसका कोई जवाब नहीं है कि ऐसा कैसे हुआ।
आरसीबी के ख़िलाफ़ क्वालीफ़ायर 1 में सुदर्शन अच्छी लय में दिख रहे थे। लेकिन तीसरे ओवर में जैकब डफ़ी की गेंद पर कट शॉट खेलते समय उनका बल्ला हाथ से छूट गया। गेंद बाउंड्री तक पहुंचती उससे पहले बल्ला उछलकर लेग स्टंप से टकरा गया और वह हिट विकेट आउट हो गए। आरआर के ख़िलाफ़ मुकाबले में भी लगभग वही नज़ारा देखने को मिला। 215 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सुदर्शन एक और बड़ी पारी की ओर बढ़ रहे थे। उन्होंने शुभमन गिल के साथ शानदार ओपनिंग साझेदारी की और सिर्फ़ 32 गेंदों में 58 रन बना डाले। लेकिन बृजेश शर्मा की लो फुल टॉस गेंद को ऑफ़ साइड में ड्राइव करने के दौरान उनका बल्ला फिर हाथ से निकल गया और सीधे स्टंप्स पर जा लगा।
सुदर्शन हैरानी में सिर झुकाए वापस लौटे, जबकि दूसरे छोर पर खड़े गिल घुटनों के बल बैठ गए और यकीन नहीं कर पाए कि अभी क्या हुआ है। साई सुदर्शन पहली बार 2022 में ब्रेबॉर्न स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के ख़िलाफ़ हिट विकेट हुए थे। टी20 क्रिकेट में अब उनके साथ सिर्फ आंद्रे रसेल और शोएब मलिक ही ऐसे बल्लेबाज़ हैं जो तीन बार हिट विकेट आउट हुए हैं। सुदर्शन ने मज़ाकिया अंदाज़ में कहा, “पिछले मैच में बल्ला कुछ बार उछला और फिर स्टंप्स से टकराया था। लेकिन इस बार तो शायद उसने सीधे विकेट से टकराने का इरादा कर लिया था।” सुदर्शन और गिल ने पहले विकेट के लिए 167 रन जोड़कर जीटी की 215 रन के लक्ष्य की राह आसान कर दी। गिल ने भी माना कि वह खुद इस तरह के आउट होने को समझ नहीं पाए।
गिल ने कहा कि मैंने अपने जीवन में ऐसा कभी नहीं देखा। लगातार दो मैचों में बिल्कुल इसी तरह आउट होना। मैंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो देखा था जिसमें वह अपने हाथों पर टेप लगा रहे थे। शायद अगले मैच में मुझे भी ऐसा करना पड़े।” जीटी की सफलता में दोनों ओपनरों की साझेदारी सबसे बड़ी वजह रही है। आईपीएल 2026 में अब तक दोनों चार शतकीय साझेदारियां कर चुके हैं और दोनों के 700 से अधिक रन हो चुके हैं।
गिल ने कहा, “ईमानदारी से कहूं तो हम दोनों एक दूसरे के खेल को बहुत अच्छी तरह समझते हैं। हमारी बातचीत बहुत अच्छी रहती है। हमें पता होता है कि किस गेंदबाज़ पर किसे हमला करना है। यही हमारी साझेदारी की सबसे बड़ी ताकत है।” सुदर्शन ने भी माना कि समय के साथ उनकी और गिल की समझ बेहतर हुई है। उन्होंने कहा, “यह साझेदारी हर साल और बेहतर हुई है। जीटी के साथ शुरुआती वर्षों में मुझे काफ़ी अनुभव मिला। उससे समझ आया कि मुझे किन क्षेत्रों में सुधार करना है। इस सीजन में भी कई ऐसी चीजें हैं जिन पर मुझे काम करना है और मैं अगले सीजन उससे बेहतर होकर लौटना चाहता हूं।”
Trending
- सतीश शर्मा के साथ ही रिश्वत देने की कोशिश करने वाले ठेकेदार की भी हो जांच, पूर्व में इसका क्या इतिहास रहा है
- हिन्दी पत्रकारिता दिवस : संगठन और संबंधों की शक्ति को पहचान सम्मान और गौरव बनाए, मीडिया की संख्या और ताकत बढ़ रही है, कमजोर क्यों हो रहे हैं हम
- अब किसी ग्रिप टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करना होगा : साई सुदर्शन
- 200 साल में रुप बदलती पत्रकारिता और चुनौतियां बढ़ गई हैं इनका मुकाबला समृद्ध सोच से ही किया जा सकता है
- यूपी परिवहन विभाग में बड़ा फेरबदल, 2 डिप्टी ट्रांसपोर्ट कमिश्नर, 9 आरटीओ और 26 एआरटीओ का तबादला
- अभिनेता परेश रावल ने फिल्म ‘होली’ से की थी करियर की शुरुआत, 71 वर्ष के हुए
- विनम्रता, क्षमाशीलता और उत्तम आचरण ही व्यक्तित्व के सच्चे आभूषण हैं : मोदी
- राहुल गांधी पार्क में बैठे, ऑटो ड्राइवर के साथ लंच में पूछा हालचाल

