नई दिल्ली 29 मई। इंटरनेट मीडिया दिग्गज मेटा अब अपने यूजर्स से पैसे लेकर प्रीमियम फीचर्स देने की तैयारी कर रहा है। कंपनी ने इंस्टाग्राम, फेसबुक और वाट्सएप के लिए नए ‘प्लस’ सब्सक्रिप्शन प्लान पेश किए हैं, जिनके तहत यूजर्स को अतिरिक्त फीचर, ज्यादा पहुंच और कस्टमाइजेशन विकल्प मिलेंगे।
कंपनी का दावा है कि इसके जरिये यूजर्स को नए अनुभव मिलेंगे और इंटरनेट मीडिया इस्तेमाल करने का तरीका भी बदलेगा। मेटा का यह कदम विज्ञापन आधारित कमाई पर निर्भरता कम करने और सब्सक्रिप्शन माडल के जरिए नया राजस्व बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। कंपनी इन योजनाओं को भारत समेत कई वैश्विक बाजारों में शुरू करने की तैयारी कर रही है।
मेटा वेरिफाइड की जगह नहीं लेंगे नए प्लान
सभी ऐप के प्लस वर्जन में यूजर्स को कई नए फीचर्स मिलेंगे, जो आम यूजर्स को नहीं मिलते हैं। हालांकि, कंपनी ने कहा कि नए प्लान कंपनी के मौजूदा मेटा वेरिफाइड प्लान की जगह नहीं लेंगे और यह सर्विस वैकल्पिक है।
भारत में अभी कीमतें तय नहीं
रिपोर्ट के अनुसार, मेटा ने अभी वैश्विक कीमतों की घोषणा की है, लेकिन भारत के लिए कीमतों का ऐलान नहीं किया है। दरअसल, भारत मेटा के लिए दुनिया का सबसे बड़ा यूजर बेस वाला मार्केट है, इसलिए कंपनी यहां किसी भी बड़े फीचर को रोलआउट कर सकती है।
यूट्यूब पहले से ले रहा पैसा
मेटा का यह कदम डिजिटल इंडस्ट्री में कोई नया नहीं है। यूट्यूब काफी समय से ‘यूट्यूब प्रीमियम’ के जरिए बिना विज्ञापनों के वीडियो देखने, बैकग्राउंड प्ले और यूट्यूब म्यूजिक का सब्सक्रिप्शन दे रहा है। वहीं यूट्यूब पर नई और ब्लॉकबस्टर फिल्में देखने के लिए उपभोक्ताओं को ‘रेंट’ या ‘बाय’ के रूप में अलग से पैसे देने पड़ते हैं।
- इंस्टाग्राम प्लस यूजर्स को यह देखने की सुविधा मिलेगी कि कितने लोगों ने उनकी स्टोरी को दोबारा देखा है।
- स्टोरीज के लिए क्लोज फ्रेंड्स ऑप्शन के साथ-साथ अनलिमिटेड ऑडियंस लिस्ट बनाने की सुविधा भी मिलेगी।
- यूजर्स हफ्ते में एक बार किसी स्टोरी को ज्यादा व्यूज पाने के लिए स्पॉट लाइट भी कर पाएंगे।
- स्टोरी को 24 घंटे से ज्यादा समय तक रख पाएंगे। बिना व्यूवर के तौर पर किसी भी स्टोरी का प्रीव्यू देख पाएंगे।
- अपनी स्टोरी व्यूवर लिस्ट में यह सर्च कर पाएंगे कि कौन देख रहा है।
- यूजर्स सीधे अपनी प्रोफाइल पर पोस्ट भी कर पाएंगे और बिना अपने फॉलोअर्स की फीड पर दिखे उसे हाईलाइट कर पाएंगे।
- यूजर्स को एनिमेटेड सुपर हार्ट रिएक्शन्स, कस्टम ऐप आइकन्स, बायो के लिए स्पेशल फॉन्ट्स और ज्यादा प्रोफाइल पिन्स मिलेंगे।
व्हाट्सऐप प्लस में फीचर्स
इनमें यह देखने की सुविधा शामिल होगी कि उनकी स्टोरी कितनी बार दोबारा देखी गई। साथ ही यूजर्स मौजूदा ‘क्लोज फ्रेंड्स’ विकल्प से आगे बढ़कर अनलिमिटेड स्टोरी आडियंस लिस्ट बना सकेंगे।प्रीमियम यूजर्स बिना अपना नाम दिखाए दूसरों की स्टोरी देख सकेंगे।
इसके अलावा स्टोरी को 24 घंटे से अधिक समय तक सक्रिय रखने और हर सप्ताह एक स्टोरी को अतिरिक्त प्रमोशन देने का विकल्प भी मिलेगा।इंस्टाग्राम प्लस में प्रोफाइल और एप कस्टमाइजेशन के लिए भी कई नए फीचर जोड़े गए हैं।
यूजर्स को एनिमेटेड ‘सुपर हार्ट’ रिएक्शन, बायो के लिए खास फांट, कस्टम एप आइकन और प्रोफाइल पिनिंग जैसे विकल्प मिलेंगे।वहीं, वाट्सएप प्लस का फोकस चैटिंग अनुभव को ज्यादा निजी और आकर्षक बनाने पर रहेगा। सब्सक्राइबर यूजर्स को कस्टम चैट थीम, एक्सक्लूसिव रिंगटोन, प्रीमियम स्टिकर, अतिरिक्त पिन चैट और एडवांस्ड लिस्ट कस्टमाइजेशन फीचर मिलेंगे।
रिपोर्ट के मुताबिक, इंस्टाग्राम प्लस और फेसबुक प्लस की कीमत 3.99 डालर प्रति माह (करीब 387 रुपये) हो सकती है, जबकि वाट्सएप प्लस के लिए 2.99 डालर प्रति माह (करीब 290 रुपये) चार्ज किए जा सकते हैं।

