धामपुर (बिजनौर) 07 मई। महिला से छेड़छाड़ के आरोप में उसके परिजनों ने कस्बा चौकी इंचार्ज दरोगा ब्रह्मपाल गिरी की पिटाई कर दी दीवार में सिर लगने से दरोगा घायल हो गए। उनका मुरादाबाद के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने दरोगा की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी ओमवेश व राहल को गिरफ्तार कर चालान कर दिया है।
बुलंदशहर जिले के कोतवाली क्षेत्र के गांव हसनपुर निवासी दरोगा ब्रह्मपाल गिरी धामपुर कोतवाली में एक साल से कस्बा चौकी इंचार्ज हैं वह एक आश्रम के कमरे में रहते हैं। इसी परिसर में करीब 15 वर्षों से आश्रम की जमीन पर खेती कर रहा ओमवेश भी परिवार के साथ रहता है उसने आश्रम की खेती की जमीन ठेके पर ले रखी है। आरोप है कि मंगलवार की देर रात करीब 10 बजे जब दरोगा ब्रह्मपाल गिरी ड्यूटी से लौटे तो उन्होंने किसी महिला से छेड़छाड़ कर दी। इसी दौरान ओमवेश और राहुल भी पहुंच गए। उन्होंने विरोध किया तो हाथापाई हो गई। शोर सुनकर अन्य लोग भी आ गए। आरोप है कि ओमवेश और राहुल ने दरोगा की पिटाई कर दी। दीवार पर सिर लगने से दरोगा घायल हो गए। पुलिस ने दरोगा को अस्पताल पहुंचाया, जहां से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
दरोगा ब्रह्मपाल गिरी का कहना है कि वह जिस मकान में किराये पर रह रहे थे, वह संपत्ति आश्रम की है। इसके स्वामित्व को लेकर दो पक्षों में विवाद है। इसी के चलते उन पर हमला किया गया है, जबकि दूसरे पक्ष का कहना है कि दरोगा ने महिला से छेड़छाड़ का प्रयास किया।
एएसपी पर्वी अमित किशोर का कहना है कि जब दरोगा को हाउस रेंट आदि सविधाएं विभाग की ओर से मिलती हैं तो वह आश्रम में क्यों रहे हैं। हो सकता है कि कमरा फ्री में मिल गया हो अभी महिला की ओर से तहरीर नहीं मिली है। हालांकि, आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य मिलेगा उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
आश्रम के महंत ने कहा कि पुलिस को मामले में निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। ऐसा नहीं हुआ तो उच्च स्तर पर शिकायत करेंगे।

