मेरठ 07 मई (प्र)। एसपी यातायात ने शहर के जाम से निजात को लेकर मसौदा तैयार किया हैं। सभी विभाग इस ब्लूप्रिंट पर काम करें, तब शहर के जाम से राहत मिल सकेंगी। शहर में पार्किंग के 27 स्थाना चिन्हित कर उनकी फोटाेग्राफी कराई गई है। साथ ही आउटर एरिया के 32 चौराहे चिन्हित किए गए है, यदि उनका सुधार हो जाए, तब शहर की बिगड़ी यातायात व्यवस्था में एक कदम सुधार की ओर चल सकेंगे।
एसपी यातायात ने ब्लूप्रिंट तैयार कर सभी विभागों को भेज दिया है, उनकी संस्तुति मिलने के बाद ही काम शुरू हो सकेंगा। उसके बाद भैंसाली और सोहराब गेट बस अड्डे के जाम से भी मुक्ति दिलाने की योजना बनाई गई है। उसके लिए रोडवेज के आरएम से मीटिंग की जाएगी। ताकि रोडवेज की बस सड़क पर सवारी न बैठा सकें।
एसपी यातायात राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि शहर के आउटर एरिया में घूमने के बाद शापरिक्स माल, बिजली बंबा बाइपास, परतापुर इंटरचेंज, सरधना, रोहटा और बागपत फ्लाइओवर, जेल चुंगी, मोदीपुरम समेत 32 चौराहे चिन्हित किए गए हैं, सभी की फोटो और वीडियो बनाई गई हैं।
चौराहों का खड़ा होकर समस्याओं के बारे में जानकारी जुटाई गई। उसके बाद सुधार के लिए ब्लूप्रिंट तैयार किया गया। चौराहों पर अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम, निर्माण कराने के लिए एमडीए, नगर निगम और पीडब्ल्यूडी को पत्र लिखा गया है।
बिजली के खंभे साइड करने के लिए बिजली निगम को पत्र जारी किया गया। रोडवेज के आरएम को भी पत्र लिखा गया है, क्योंकि कुछ चौराहों पर रोडवेज की बस खड़ी होकर सवारी बैठाती है, जिसकी वजह से चौराहे पर जाम लगता है।
एसपी यातायात का तर्क है कि सभी विभाग एक साथ मिलकर ही 32 चौराहों की स्थिति को बदल सकते है। सभी चौराहों पर लेफ्ट फ्री की सुविधा भी दी जाएगी। चौराहों के अलावा ई-रिक्शा और आटो एवं खरीदारी को बाजार में आए लोग अपने निजी वाहनों को सड़क पर खड़ा करते है। उसकी वजह से भी शहर का यातायात रूक जाता है।
ऐसे में शहर के अंदर 27 ऐसे प्वाइंट चिन्हित किए गए है, जहां पर पार्किंग बनाई जा सकती है। निगम निगम को सभी पार्किंग स्थल चिन्हित कर सूची भेजी गई है। साथ ही चौराहे और पार्किंग स्थलों की एक सूची डीएम को भेजी गईं है। ताकि वह विभागों को आदेश कर सकें।
पार्किंग के लिए चिन्हित किए 27 प्वाइंट
गांधी आश्रम चौराहे के पास बाउंड्री से घिरा ग्राउंड, ग्राम छिलौरा औरंगाबाद, इस्मालाबाद चौकी के सामने शंभूदास गेट के अंदर, लोहियानगर मंडी गेट के पास खाली जगह, हिंदुस्तान एग्रीकलचर ईजी. के सामने, कैंट रेलवे स्टेशन कैंपस के अंदर पार्किंग स्थल, आबूनाला रोड के बाए और किनारे खाली जगह, जीरोमाइल चौराहे के बगल में स्थित कैंटोमेंट बोर्ड की पार्किंग, पीडब्ल्यूडी गेस्ट हादस की दीवार के किनारे पी तक बेगमपुल रोड पर खाली जगह, इंचौली पुलिस स्टेशन के पास, एल ब्लाक पुलिस चौकी के पीछे की जगह, भारत स्काउंट एंड गाइड कार्यालय के सामने खाली ग्राउंड, इलाहाबाद बैंक यूनिवर्सिटी के सामने बीएसएनएल बिल्डिंग कालोनी में, आइआइएमटी कालेज के आगे गंगासागर गेट के पास खाली जगह, कोतवाली धनसिंह गुर्जर की प्रतिमा के निकट थाना सिविल लाइन दीवार के पास खाली स्थान, रेलवे रोड थाने से सौ मीटर आगे मनसबिया कालेज की दीवार के किनारे सड़क पर, मलियाना फ्लाइओवर के नीचे, मवाना बस स्टैंड यात्री शेड के पीछे समेत 27 प्वाइंट शहर के पार्किंग के चिन्हित किए गए।
एसपी यातायात ने बताया कि शहर के आबूलेन बाजार और पीएल शर्मा रोड पर भी हमेशा जाम लगा रहता है। उक्त दोनों ही स्थानों को ई-रिक्शा फ्री करने की प्लानिंग की गई है। बेगमपुल से ही आबूलेन में ई-रिक्शा के प्रवेश पर रोक लगाई जाएगी।
साथ ही बेगमपुल और कापरेटिव चौराहे से पीएल शर्मा रोड पर जाने वाले ई-रिक्शा को भी रोका जाएगा। एसपी यातायात ने बताया कि यह प्रोपजल तैयार किया है। एसएसपी और डीएम से अनुमति लेने के बाद ही लागू किया जाएगा।

