हरदोई 10 जुलाई। उत्तर प्रदेश के हरदोई के सांडी मार्ग पर बावन चुंगी के निकट एसबीआई बैंक के पास लगे एटीएम का गेट खोलते ही एक सफाई कर्मचारी करंट की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में उसे हरदोई के मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली शहर क्षेत्र के रुकमनापुर निवासी मनोज कुमार मल्लावां विकासखंड क्षेत्र के सुमेरपुर गांव में सफाई कर्मचारी के पद पर तैनात थे। गुरुवार दोपहर वह अपने साथी मनोज के साथ हरदोई सांडी रोड स्थित बावन चुंगी के पास स्थित एसबीआई के एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे थे।
बताते हैं कि जैसे ही मनोज कुमार ने एटीएम का गेट खोला, उसमें उतरे करंट की चपेट में आकर वह गिर पड़े। साथी मनोज जोर से चिल्लाया तो आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद उन्हें हरदोई के मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद बैंक प्रबंधन ने एटीएम गेट पर एक चेतावनी चस्पा कर अपना पल्ला झाड़ लिया। बैंक प्रबंधक ने मीडियाकर्मियों से बात करना भी मुनासिब नहीं समझा। हालांकि, काफी देर तक मीडियाकर्मी उनका पक्ष लेने के लिए खड़े रहे।
मनोज हाथ से दिव्यांग थे और चार भाइयों में सबसे बड़े थे। पिता की मौत के बाद अपनी बूढ़ी मां फूलकुमारी सहित पूरे परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। घटना से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों से मिलने वाली तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

