हाथरस. हाथरस शहर के मोहल्ला बालापट्टी से हैरान कर देना वाला मामला सामने आया है। शिक्षक रहे अशोक कुमार पिछले आठ दिनों से अपने कमरे में बंद है। उनका आरोप है कि पत्नी उन्हें प्रताड़ित करती है। इस तरह अकसर बंद करके चली जाती है। घर रहती है तो मारपीट करती है।
उनका दावा है कि वे सात साल से प्रताड़ना झेल रहे हैं। पिटाई से ही उनकी आंखों की रोशनी चली गई है। पत्नी चार दिन का खाना बनाकर गई थी। अब भाइयों का परिवार उन्हें खिड़की से खाना दे रहा है। महिला के डर से न कोई दरवाजा खोल रहा है और न ही कोई पुलिस को सूचना दे रहा है।
आज पड़ोसियों से घटना की जानकारी पर पुलिस भी आई थी, लेकिन अशोक कुमार में पत्नी का खौफ इतना है कि उन्होंने पत्नी के आने तक दरवाजा न खोलने की बात कही, इस पर पुलिस लौट गई। अशोक की गुहार है कि पत्नी के आते ही उसे बाहर निकाला जाए और कहीं सुरक्षित वृद्ध आश्रम में भेज दिया जाए। मामला मोहल्ले में कोतूहल का विषय बना हुआ है।

