भरमौर 25 जुलाई। हिमाचल प्रदेश के ट्राइबल जिला लाहौल-स्पीति में शुक्रवार को दोपहर उदयपुर-किलाड़ सड़क पर कडू नाला के पास चलती गाड़ी पर चट्टानें गिर गई। इससे टाटा सूमो टैक्सी में सवार 13 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हैं। मरने वालों में 6 महीने की बच्ची भी शामिल है।
भरमौर के विधायक डॉ. जनकराज ने बताया कि टाटा सूमो में कुल 15 लोग सवार थे। सभी पांगी क्षेत्र के रहने वाले हैं और कुल्लू से पांगी लौट रहे थे। इस दौरान कडू नाला के पास पहाड़ी से बड़ी बड़ी चट्टानें गाड़ी पर गिर गईं। इससे HP-01M-2210 नंबर की टाटा सूमो गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई ।
उन्होंने बताया कि पहाड़ी से चट्टानें गिरने के बाद गाड़ी के पिछले हिस्से में आग लग गई, जिसे मौके पर मौजूद लोगों और जवानों ने बुझाने का प्रयास किया। हादसा इतना खतरनाक था कि मृतकों के शवों की पहचान करना मुश्किल हो गया था। एक शव की अभी भी पहचान नहीं हो सकी।
जानकारी के अनुसार, उदयपुर-किलाड़ सड़क पिछले दिन बारिश के बाद लैंडस्लाइड की वजह से बंद था। इससे सभी लोग तिंदी में रुके हुए थे। 24 जुलाई को सड़क बहाल होने के बाद वे पांगी की ओर रवाना हुए थे, तभी कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी से बड़ी बड़ी चट्टानें गाड़ी पर गिरी।
भरमौर के विधायक जनक राज ने चंबा और लाहौल-स्पीति के डीसी से राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया है। पुलिस, प्रशासन और बचाव दल घटनास्थल पर अभियान में जुटे हुए हैं।
SP लाहौल स्पीति शिवानी मेहला ने बताया कि गाड़ी में सवार 15 लोगों में से 13 की मौत हो गई है।
हादसे में अब तक 12 मृतकों की पहचान हो चुकी है, जबकि एक व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है। इस हादसे में मृतक की पहचान बीर सिंह (35) पुत्र सूरत चंद गांव घिसाल पांगी चंबा, बीर सिंह पुत्र लाल चंद, गांव शून पांगी, बुद्धि सिंह पुत्र सवाल दास निवासी साच, कमला कुमारी पत्नी बुद्धि सिंह निवासी साच, अनिल कुमार पुत्र हरि कृष्ण निवासी साच, रेखा पुत्री महेंद्र कुमार गांव हिलोल, सौरभ सिंह पुत्र बीर सिंह निवासी हासिल, अंजना पुत्री चैन सिंह निवासी सत्ती पांगी, सोनम आंग्मो पत्नी छेरिंग दोरजे गांव छलिंग उदयपुर, आरू (6 महीने) पुत्र छेरिंग दोरजे, गांव छलिंग उदयपुर, संजय कुमार पुत्र मोहन लाल, हंस राज धरवास पांगी चंबा के तौर पर हुई है।

