लखनऊ।, 07 अगस्त (ता)। बसपा विधायक उमाशंकर सिंह का पार्थिव शरीर गत दिवस दिल्ली से लखनऊ के गोमतीनगर स्थित आवास लाया गया। यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, बसपा सुप्रीमो मायावती समेत विभिन्न दलों के नेताओं ने अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद पार्थिव शरीर को अंत्येष्टि के लिए बलिया के रसड़ा स्थित पैतृक आवास ले जाया गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मायावती शोक संवेदना व्यक्त करते हुए भावुक हो गई। उन्होंने कहा कि उमाशंकर सिंह बसपा के सच्चे सिपाही थे और उन्हें सगी बहन की तरह मानते थे। हाल में उनकी तबीयत खराब होने पर वह उनसे मिलने गई थीं। बाद में उमाशंकर सिंह उनके आवास पहुंचे तो उन्होंने कहा था कि उन्हें आने की जरूरत नहीं थी। उनके निधन से बसपा को बड़ी क्षति हुई है और वह परिवार का पूरा ध्यान रखेंगी।
उन्होंने कहा कि बसपा से जुड़ने के बाद उमाशंकर सिंह ने पूरी ईमानदारी व निष्ठा से जिम्मेदारियां निभाई। पार्टी के कठिन दौर में भी उन्होंने कभी साथ नहीं छोड़ा। कई लोग बसपा छोड़कर चले गए लेकिन वह अंत तक जुड़े रहे।
उन्होंने कहा कि उमाशंकर सिंह हर रक्षाबंधन पर राखी बंधवाने आते थे। यदि उनका बेटा राजनीति में आना चाहेगा तो पार्टी उसे पूरा सहयोग देगी। उनकी विधानसभा के लोग भी संभवतः यही चाहेंगे।
उमाशंकर सिंह को श्रद्धांजलि देने तमाम दलों के नेता पहुंचे। उनके प्रतिद्वंद्वी माने जाने वाले परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह भी थे। हालांकि उन्होंने कहा कि मैंने अपना एक मित्र खो दिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, स्वतंत्र देव सिंह, संजय निषाद, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप, सपा विधायक संग्राम सिंह, ओमप्रकाश सिंह, सपा के बागी विधायक अभय सिंह, सुभासपा विधायक अब्बास अंसारी और अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद समेत अनेक जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
Trending
- देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला गिरफ्तार
- फर्जी प्रपत्रों के आधार पर एसएसपी आवास कब्जाने की कोशिश में दो सगे भाई गिरफ्तार
- 13 साल बाद आया फैसला मुठभेड़ में शहीद हुआ था सिपाही राहुल
- कांवड़ यात्रा के दौरान मेरठ से दिल्ली वाली लेन पर वाहन बंद
- नगर निगम की गृहकर की ओटीएस योजना 15 से लागू होगी
- रेप में तरूण तेजपाल दोषी करार, 10 साल की सजा
- सबसे वफादार रहे, मुश्किल दौर में भी नहीं छोड़ा साथ : मायावती
- विमार्न इंधन में एथनॉल मिश्रण नहीं : नागरिक उड्डयन मंत्री

