ग्रेटर नोएडा 25 फरवरी। प्रॉपर्टी रजिस्ट्री कराने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अब नोएडा में सब-रजिस्ट्रार कार्यालय रविवार को भी खुले रहेंगे। इसके साथ ही सोमवार से शनिवार तक एक नामित कार्यालय दोपहर एक बजे से रात आठ बजे तक संचालित किया जाएगा। इस नई व्यवस्था से खासकर नौकरीपेशा लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी, जिन्हें अब तक रजिस्ट्री के लिए दफ्तर से छुट्टी लेनी पड़ती थी।
जिले में बड़ी संख्या में कामकाजी लोग रहते हैं। अभी तक प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री कराने के लिए उन्हें कार्यदिवस में समय निकालना पड़ता था, जिससे उनकी आय और समय दोनों प्रभावित होते थे। नई प्रणाली लागू होने के बाद लोग अपने काम के बाद भी रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। इससे न केवल स्थानीय निवासियों को लाभ होगा, बल्कि दूसरे शहरों से आने वाले लोग भी एक ही दिन में पूरी प्रक्रिया निपटा सकेंगे।
निबंधन विभाग के सहायक महानिरीक्षक (एआईजी) ब्रजेश कुमार ने बताया कि यह व्यवस्था फिलहाल केवल नोएडा में लागू की जाएगी। नोएडा में कुल तीन सब-रजिस्ट्रार कार्यालय हैं। नई व्यवस्था के तहत रविवार को रोस्टर प्रणाली लागू की जाएगी, जिसके अंतर्गत एक कार्यालय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक खुला रहेगा। जो कार्यालय एक रविवार को खुलेगा, वह अगले रविवार को बंद रहेगा।
उन्होंने बताया कि सोमवार से शनिवार तक सभी कार्यालय अपने सामान्य समय पर कार्य करेंगे, जबकि एक नामित कार्यालय दोपहर 1 बजे से रात 8 बजे तक संचालित किया जाएगा। यह निर्णय आम जनता की सुविधा और विभागीय राजस्व में वृद्धि को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, होली के बाद इस नई व्यवस्था को ट्रायल के रूप में शुरू किया जाएगा। यदि यह प्रयोग सफल रहता है, तो भविष्य में इसे स्थायी रूप से लागू किया जा सकता है और अन्य जिलों में भी विस्तार दिया जा सकता है।

