मेरठ 05 जून (प्र)। दक्षिणी दिल्ली के हौजरानी स्थित अवैध होटल में आग लगने से हुई 21 लोगों की मौत के बाद मेरठ विकास प्राधिकरण ने उन 50 होटलों के – स्वामियों को नोटिस जारी किए है, जिनके पास पूर्णता प्रमाण पत्र नहीं है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि 15 दिन के अंदर यदि पूर्णता प्रमाण पत्र नहीं लेते हैं तो होटल पर सील की कार्रवाई होगी। वहीं एडीएम सिटी का कहना है होटलों की चेकिंग के लिए जल्द ही टीम का गठन किया जाएगा।
मेडा उपाध्यक्ष संजय मीणा ने बुधवार को कहा था कि मानचित्र स्वीकृत कराने के बाद शहर में होटल का निर्माण तो हो गया, लेकिन किसी होटल स्वामी के पास पूर्णता प्रमाण पत्र नहीं है। 50 होटल संचालकों को गुरुवार को नोटिस जारी किए गए हैं, कुछ को शुक्रवार को जारी होंगे।
बता दें कि पूर्णता प्रमाण पत्र (कंप्लीटेशन सर्टिफिकेट) एक आधिकारिक कानूनी दस्तावेज होता है जो विकास प्राधिकरण या उप्र आवास एवं विकास परिषद द्वारा जारी किया जाता है।
इस प्रमाण पत्र के जारी होने का मतलब है कि संबंधित इमारत का निर्माण पूरी तरह वैध है। इसे लेने से पहले कई नियमों को पूरा करना होता है। मेडा के अधिकारियों का अनुमान है कि अधिकतर होटल स्वामी नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, जिस कारण किसी ने भी पूर्णता प्रमाण पत्र नहीं लिया है। मेडा उपाध्यक्ष ने बताया कि होटल संचालकों को चेतावनी दी गई है कि वह पूर्णता प्रमाण पत्र लें, अन्यथा होटल पर सील की कार्रवाई की जाएगी।
सराय एक्ट के तहत 92 होटल पंजीकृत
एडीएम सिटी बृजेश सिंह ने बताया कि सराय एक्ट के तहत 92 होटल पंजीकृत हैं। इनके अलावा 65 ने अनुमति लेने के लिए आवेदन किया हुआ है। दिल्ली के होटल में आग की घटना के बाद जल्द ही एक जांच टीम का गठन किया जाएगा। जिसमें विद्युत सुरक्षा, अग्निश्मन, मेडा, नगर निगम के एक-एक अधिकारी को शामिल किया जाएगा। टीम में एक मजिस्ट्रेट और पुलिस विभाग के एक सीओ भी शामिल होंगे।
20 होटल चेक किए, 11 में मिली खामियां
दिल्ली की घटना के बाद मेरठ में भी होटलों में सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। दमकल विभाग के चीफ फायर आफिसर (सीएफओ) ने दावा किया है कि गुरुवार को 20 होटलों की जांच की गई, जिसमें से 11 में खामियां मिली। इन सभी को शुक्रवार को नोटिस जारी किया जाएगा। हालांकि, टीम ने अभी खामियों का विवरण सार्वजनिक नहीं किया है। दमकल विभाग का कहना है कि शुक्रवार को ही खामियां उजागर की जाएंगी। होटलों में चेकिंग अभियान बंद करने के बाद देर शाम इनके संचालक पुलिस लाइन स्थित दमकल विभाग के चक्कर लगा रहे थे। ऐसे में माना जा रहा है कि खामियों को पर्देदारी में रखा जा रहा है, ताकि विभाग नोटिस नोटिस खेल सके। एफएसओ संजीव कुमार ने बताया कि अभियान लगातार जारी रहेगा। सभी होटलों को आडिट कराने के भी आदेश जारी कर दिए है।

