नई दिल्ली,तेहरान,वाशिंगटन, 07 मई (ता)। ईरान और अमरीका के बीच अगले 48 घंटे के अंदर युद्ध खत्म होने की घोषणा हो सकती है। दोनों के बीच तीन बड़े मुद्दों पर सहमति बन गई है। जेनेवा या फिर इस्लामाबाद में होने वाली बैठक के बाद दोनों देश एक पन्ने का समझौता पत्र जारी कर सकते हैं। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। अमरीकी वेबसाइट एक्सियोस की रिपोर्ट के अनुसार ईरान और अमरीका के बीच युद्ध खत्म करने को लेकर सहमति बन गई है। दोनों देशों के बीच अगले 48 घंटे में एक समझौते पर हस्ताक्षर करने की उम्मीद है। इसके बाद आधिकारिक तौर पर दोनों देश इस युद्ध को खत्म करने की घोषणा करेंगे। रिपोर्ट के अनुसार युद्ध खत्म करने के लिए दोनों देश एक पन्ने का समझौता पत्र जारी करेंगे, इस पत्र में तीन मुद्दों का जिक्र किया जा सकता है, क्योंकि, दोनों के बीच तीन बड़े मुद्दों पर सहमति बन गई है। ड्राफ्ट के अनुसार, ईरान न्यूक्लियर प्रोग्राम को कुछ समय के लिए रोक सकता है। बदले में अमरीका धीरे-धीरे प्रतिबंध कम करेगा और ईरान के जब्त किए हुए अरबों डालर जारी कर सकता है। साथ ही, होर्मुज में दोनों तरफ से लगाई गई पाबंदियों में भी ढील दी जाएगी। बता दें कि अमरीकी दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनेर 14 सूत्रीय समझौते को लेकर ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से बात कर रहे हैं। अब तक तीन मुद्दों पर सहमति बन गई है, लेकिन 11 मुद्दों पर पेच फंसा है। अगले 30 दिन में दोनों देश इन मुद्दों को सुलझाएंगे। अमरीका के विदेश मंत्री मार्काे रुबियो का कहना है कि ऑपरेशन एपिक फ्यूरी को खत्म कर दिया गया है। हम आगे की बातचीत शांति से करेंगे। रिपोर्ट के अनुसार समझौते की बैठक इस्लामाबाद या जेनेवा में हो सकती है। अमरीका की तरफ से इस बैठक में जेडी वेंस और ईरान की तरफ एमबी गालिबफ शामिल हो सकते हैं।
अमरीका-ईरान में रजामंदी की खबरों ने तोड़ा क्रूड ऑयल का घमंड, आठ फीसदी तक लुढक़ी कीमतें अमरीका और ईरान के बीच तनाव कम होने की खबरों ने कच्चे तेल की कीमतों को तेजी से नीचे ला दिया है। ग्लोबल बैंचमार्क ब्रेंट क्रूड सात प्रतिशत टूटकर 102.22 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, वहीं अमरीकी क्रूड ऑयल डब्ल्यूटीआई करीब आठ फीसदी टूटकर 94.36 डॉलर पर आ गया। सप्लाई बाधित होने का डर कम होने और मुनाफा वसूली ने इस गिरावट को तेज किया। अगर हालात और सुधरते हैं, तो तेल की कीमतों में और नरमी देखने को मिल सकती है, जिसका फायदा वैश्विक अर्थव्यवस्था और शेयर बाजार दोनों को मिलेगा।
इन मुद्दों पर सहमति
- ईरान यह ऐलान करेगा कि वह परमाणु हथियार नहीं बनाएगा, साथ ही यूरेनियम का संवर्धन भी नहीं करेगा। उसके पास जो यूरेनियम है, उसे पतला करने या खत्म करने की घोषणा भी ईरान करेगा।
- अमरीका ईरान पर लगे आर्थिक प्रतिबंधों को खत्म करेगा। इसके तहत ईरान के फ्रीज 150 अरब डॉलर भी लौटाए जाएंगे। शुरुआत में ईरान को राहत एवं बचाव कार्यों के लिए पैसे दिए जाएंगे।
- होर्मुज नाकाबंदी को पूरी तरह से खोला जाएगा। ईरान होर्मुज के रास्ते से जहाजों को गुजरने देगा और अमरीका भी किसी को डिस्टर्ब नहीं करेगा। यानी होर्मुज का रास्ता अब पूरी दुनिया के लिए आसानी से खुल सकता है।
अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ शांति समझौते की दिशा में बड़ी प्रगति हुई है। इसके चलते उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य में नौवहन की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरू किए गए प्रोजेक्ट फ्रीडम को स्थगित करने का निर्णय लिया है। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि पाकिस्तान और अन्य देशों के अनुरोध, ईरान के खिलाफ अभियान के दौरान मिली जबरदस्त सैन्य सफलता और ईरान के प्रतिनिधियों के साथ पूर्ण एवं अंतिम समझौते की दिशा में हुई महत्त्वपूर्ण प्रगति के आधार पर प्रोजेक्ट फ्रीडम को रोक दिया गया है, ताकि समझौता अंतिम रूप ले सके।

