मुरादाबाद. बीस साल के युवक तुषार गोस्वामी और सोलह साल की दसवीं की छात्रा ने शनिवार की दोपहर एक बजे मुरादाबाद जिले के कटघर क्षेत्र में कल्याणपुर गांव के पास पुल से एक दूसरे का हाथ थामकर उफनी रामगंगा में छलांग लगा दी। बरेली से दिल्ली लौट रहे एक युवक ने दोनों को बचाने की हरसंभव कोशिश की लेकिन उसे सफलता नहीं मिल पाई।
युवक ने छलांग लगाने से करीब एक घंटे पहले अपने ताऊ को मैसेज लिखा था कि वह मरने जा रहा और बाइक पुल पर खड़ी है। कुछ ही देर में पुलिस और परिजन भी पहुंच गए और गोताखोरों की मदद से नदी में दोनों की तलाश की गई लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि एक दूसरे का हाथ पकड़ कर रामगंगा नदी में कूदने वाला तुषार गोस्वामी कटघर क्षेत्र के सूरज नगर का रहने वाला है। इसके साथ कूदने वाली छात्रा भी कटघर क्षेत्र की ही बताई जा रही है।
अपने मां बाप के इकलौते बेटे तुषार ने 12वीं तक पढ़ाई की और कोतवाली क्षेत्र में बुधबाजार स्थित कपड़े के शोरूम में नौकरी करने लगा। तुषार के पिता प्रदीप गोस्वामी ने पुलिस को बताया कि शनिवार की सुबह करीब दस बजे तुषार रोज की तरह ड्यूटी पर जाने की बात कहकर घर से निकला था।
इसके बाद उसने 11:50 पर अपने ताऊ सुधीर गोस्वामी को व्हाट्सएप कॉल की लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं। इसके पांच मिनट बाद उसने वीडियो कॉल की लेकिन यह कॉल भी रिसीव नहीं हुई। दोपहर 12 बजे उसने अपने ताऊ के नंबर पर व्हाट्सएप मैसेज किया। जिसमें उसने लिखा है कि ताऊ मैं मरने जा रहा हूं। मेरी बुलेट बाइक पुल पर खड़ी है। घर से दूसरी चॉबी लेकर आजाओ।
इस मैसेज के लिखने के करीब एक घंटे बाद तुषार छात्रा के साथ दलपतपुर जीरो प्वाइंट से होकर दिल्ली लखनऊ हाईवे कल्याणपुर गांव के पास रामगंगा नदी के पुल पर पहुंच गया। यहां दोनों ने एक दूसरे के हाथ पकड़ लिए। कुछ देर दोनों रामगंगा की ओर देखते रहे। इसी दौरान एक प्रत्यक्षदर्शी ने उन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन दोनों ने पुल की रेलिंग पर चढ़कर नदी में छलांग लगा दी।

