मुजफ्फरनगर, 04 जुलाई (ता)। बीती गत दिवस मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के साथ जुड़ा एक छोटा-सा लेकिन बेहद दिलचस्प और मानवीय घटनाक्रम पूरे पुलिस महकमे के साथ-साथ शहर में चर्चा का विषय बन गया। एक महिला द्वारा गलती से एसएसपी के मोबाइल नंबर पर 299 रुपए का जियो रिचार्ज कर दिए जाने के बाद जो कुछ हुआ, उसने पुलिस की संवेदनशील कार्यशैली की एक सकारात्मक तस्वीर पेश की।
जानकारी के मुताबिक गत दोपहर करीब एक बजे एसएसपी के निजी मोबाइल पर एक महिला का फोन आया। महिला ने संकोच के साथ कहा कि उससे गलती से एसएसपी के मोबाइल नंबर पर 299 रूपये का जियो रिचार्ज हो गया है और वह अपना रिचार्ज वापस चाहती है। अचानक आए इस फोन से एसएसपी कुछ क्षण के लिए चौंक गए। उन्हें पहले लगा कि कहीं यह कोई नया साइबर ठगी का तरीका तो नहीं है। लेकिन जब उन्होंने अपने मोबाइल पर रिचार्ज का मैसेज देखा तो महिला की बात सही निकली।
सच्चाई सामने आते ही एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बिना किसी औपचारिकता के महिला को आश्वस्त किया कि वह बिल्कुल चिंता न करें। उन्होंने तत्काल अपने स्टाफ को निर्देश देकर महिला के मोबाइल नंबर पर भी 299 रूपये का जियो रिचार्ज करा दिया, ताकि उसकी गलती से उसे किसी तरह की परेशानी न हो।
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान एक मजेदार पल भी आया। जब एसएसपी ने महिला से कहा कि वे उसके नंबर पर भी रिचार्ज करवा देंगे, तो महिला ने बड़ी मासूमियत से कहा कि अरे… पहले मेरा नंबर तो ले लो। महिला की यह बात सुनते ही वहां मौजूद पुलिसकर्मी, अधिकारी और मीडिया कर्मी भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए। कुछ पल के लिए गंभीर माहौल खुशनुमा बन गया।
महिला को तब पता चला कि जिससे बात हो रही है, वह जिले के एसएसपी हैं
इसके बाद एसएसपी ने अपना मोबाइल एक महिला पुलिसकर्मी को दिया। महिला पुलिसकर्मी ने फोन पर बातचीत करते हुए महिला को बताया कि जिनके नंबर पर गलती से रिचार्ज हुआ है, वे कोई सामान्य व्यक्ति नहीं बल्कि मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हैं। यह सुनकर महिला भी हैरान रह गई, लेकिन जब उसे बताया गया कि उसके नंबर पर भी रिचार्ज करा दिया गया है तो उसने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया।
महज 299 रुपए के रिचार्ज का यह मामूली मामला अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग एसएसपी संजय कुमार वर्मा के सहज, मानवीय और संवेदनशील व्यवहार की सराहना कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी इस घटना को पुलिस की सकारात्मक छवि और आमजन के प्रति संवेदनशीलता का उदाहरण कहा जा रहा है।
छोटी-सी गलती पर बड़ा दिल दिखाते हुए एसएसपी ने न केवल एक महिला की समस्या का तुरंत समाधान किया, बल्कि यह भी संदेश दिया कि पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं है, बल्कि आम नागरिकों की छोटी-छोटी परेशानियों के प्रति भी संवेदनशील और जिम्मेदार है। यह घटना पुलिस और जनता के बीच विश्वास और मानवीय रिश्तों की एक प्रेरणादायक मिसाल बन गई।
Trending
- कैंट बोर्ड के लेखाकार राजेश जॉन निलंबित
- सारनाथ का प्राचीन बौद्ध स्थल” यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल
- Delhi Protest: छात्रों पर Police Action पर बिफरे Rahul Gandhi, Amit Shah को पत्र लिखकर पूछा- आदेश किसने दिया?
- कारगिल वीरों के नमन से लेकर साइंस में युवाओं के डंके तक… पढ़िए PM मोदी के ‘मन की बात’ की 5 बड़ी बातें
- ग्रेटर नोएडा की एल्डिको सोसायटी में टैंक की जहरीली गैस से दम घुटने से दो लोगों की मौत
- उच्च शिक्षा के शिक्षकों-कर्मियों को सीएम योगी का तोहफा, मिलेगा डेढ़ करोड़ का दुर्घटना बीमा कवर
- पत्नी ने गिफ्ट की थार, उसी में पति ने कर दी हत्या, फिर नहर में फेंकी लाश
- अलीगंज अग्निकांड वाली अवैध रूप से बनी बहुमंजिला इमारत पर चला बुलडोजर

