मेरठ, 04 मई (प्र)। मेरठ के पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर डौरली में गत देर रात एक मकान में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग से पूरे घर में धुआं भर गया और अंदर सो रहे 12 लोग उसकी चपेट में आकर अचेत हो गए। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान पिता और उनकी 8 वर्षीय बेटी की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक कृष्णा नगर निवासी सागर (35) के मकान में गत रात करीब दो बजे अचानक आग लग गई। उस समय पूरा परिवार घर के अंदर सो रहा था। आग लगने के बाद घर में तेजी से धुआं भर गया, जिससे सभी लोग दम घुटने के कारण बेहोश हो गए।
आसपास के लोगों ने मकान से धुआं उठता देखा तो तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीमों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और घर के अंदर फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला।
घायलों को तत्काल मोदीपुरम स्थित एसडीएस ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने सागर और उसकी 8 वर्षीय बेटी शिवानी उर्फ लाली को मृत घोषित कर दिया। बाकी घायलों का इलाज जारी है, जिनमें कई की हालत नाजुक बताई जा रही है।
कहा गया कि हादसे में मृतक और घायल सभी लोग किराए के मकान में रह रहे थे। घायलों में प्रिंस, भावना, आशु, शिवा, सरिता, करण, ज्योति, कान्हा, कांता और अरुण शामिल हैं।
टेंट व्यवसायी कृष्णपाल के अनुसार आग में उसका लगभग 10 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आकर एक स्कूटी और दो बाइक भी पूरी तरह जल गईं। घटना के दौरान एंबुलेंस सेवा की बड़ी लापरवाही भी सामने आई। हादसे की सूचना देने के बाद भी काफी देर तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने खुद पहल करते हुए सभी घायलों को सरकारी और निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस समय पर मदद न करती तो और भी लोगों की जान जा सकती थी। मामले में एंबुलेंस सेवा की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे हैं। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट सामने आया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Trending
- दिल्ली की महिलाओं के लिए खुशखबरी: ₹2500 को लेकर आया बड़ा अपडेट, इस तारीख से आएंगे खाते में पैसे
- दिल्ली के बेड़े में शामिल हुईं 300 नई इलेक्ट्रिक बसें, गृह मंत्री अमित शाह ने दिखाई हरी झंडी
- आज की बारिश ने कमजोर मानसून की कमी को किया पूरा, मौसम के बदलाव से बढ़ती है मुसीबत
- लकड़ी और कार्ड बोर्ड के होटल नुमा घर पेड़ों पर टांग दिए जाएं तो मधुमक्खियों की भांति पक्षी भी बिना डर के रह सकते हैँ
- पेट्रोल पंपों पर मिले जरुरी सुविधाएं! इथनॉल अगर कच्चे तेल की कमी पूरी करता है तो अच्छा है लेकिन उपभोक्ताओं की शंका का समाधान करने के लिए पारदर्शी व्यवस्था जरुरी है
- पशुओं से होता है रोग भ्रम फैलाने की बजाय किस जानवर से क्या क्या नुकसान हो सकता है यह बताना चाहिए, गोलमोल कथन से तो व्यवस्था ही बिगड़ जाएगी
- अहमदाबाद सीरियल ब्लास्ट केस में गुजरात हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, 38 दोषियों की फांसी की सजा बरकरार
- पहली बारिश के बाद एक्सप्रेस-वे की गुणवत्ता पर उठे सवाल

