उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में सुरेंद्र की हत्या में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। रूबी पति की हरकतों से आजिज आ गई थी। उसने पूछताछ में बताया कि वह हत्या के लिए काफी दिन से योजना बना रही थी। पति ने कुछ दिन पहले डिलीवरी बॉय का काम छोड़ दिया था। शराब पीकर घर में लड़ाई करना रोज का काम था।
खुद कोई मदद नहीं करता था और जो रुपये वह कमाती थी, उन्हें भी शराब के लिए मांगता था। रुपये नहीं देने पर पिटाई करता था। कुछ दिनों से उसने बेटियों के साथ भी दुर्व्यवहार शुरू कर दिया था। उसने रोज-रोज की कलह को जड़ से खत्म करने की साजिश रचना शुरू कर दिया था।
फिल्मों और वेब सीरीज देख कर हत्या का प्लान बनाया था। रूबी ने पुलिस को बताया कि पड़ोस के घर में निर्माण कार्य हो रहा था। उसने वहां मलबा डालने आए ट्राली वाले से आधी ट्राली मलबा मंगा लिया था। वह घर के बाहर ही मलबा छोड़ गया। उसने पहले फावड़े से बाथरूम का फर्श खोदा।
शव गलाने के लिए नमक भी डाला
गड्ढा करने के बाद घसीटते हुए पति की लाश को बाथरूम में लेकर आई। शव को गड्ढे में डाला और गलाने के लिए घर में रखा नमक भी डाल दिया। बाहर से बाल्टी में भरकर मलबा अंदर लाकर बाथरूम में डाला। इसके बाद धुरमुठ मांग कर मलबे को समतल कर दिया। बाथरूम में शौचालय की सीट पहले एक फीट ऊंची थी। मलबा डालने के बाद पूरी जमीन को एक लेबल में किया।
500 रुपये में एक घंटे में बाथरूम में बनाया फर्श
खुद जाकर सीमेंट की बोरी, चंबल और बालू खरीदे। पड़ोसी की मदद से एक लेबर से बात की। 19 मई को लेबर अपने एक साथी के साथ आया और 500 रुपये लेकर एक घंटे में बाथरूम का फर्श बना दिया।
पूछताछ में रूबी ने बताया कि घर के पड़ोस में काम चल रहा था। यह समय उसको सही लगा। 17 मई की रात को पति बाजार से मीट लेकर आए। घर पर ही शराब पी और मीट खाया। इस दौरान भी पति गाली-गलौज कर रहे थे। पति को मीठा पसंद था। उनके मीट खाने के बाद उसने खीर बनाई।
खीर में नींद की गोलियां मिलाईं
पहले से रखी नींद की गोलियां पीस कर मिला दीं। पति नशे में खीर खा गया। कुछ देर बाद ही सो गया। तीन बजे नींद खुली तो उसने पहले पति की सांसें चेक की। पति के मरने की पुष्टि के बाद सुबह सात बजे सास कमला देवी और दोनों बेटियों को जगाया।
पति की मौत के बाद सास और बेटियों को जेठ के घर भेजा
पति कुछ दिन पहले अपने भरतपुर निवासी मामा के घर गए थे। वहां हंगामा किया था। सास और बेटियों को मामा का कॉल आने की जानकारी दी। मामा के भरतपुर पुलिस से शिकायत करने की बात बताकर जेठ के घर शाहगंज स्थित वायु विहार भेज दिया। उनके जाने के बाद दोबारा पति की मौत की पुष्टि की।
पति के कहीं चले जाने की कहानी बनाई
पूरी वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला किसी को शक नहीं हो इसलिए घर पर ताला लगाकर खुद भी जेठ के घर चली गई। वहां पति के पुलिस के डर से कहीं चले जाने की कहानी बना दी। परिवार को शक न हो, इसलिए गुमशुदगी भी दर्ज करा दी।
मजदूरों से भी हुई पूछताछ
पुलिस को हत्या में किसी अन्य के शामिल होने का शक था इसलिए पुलिस ने मजदूरों को भी पूछताछ के लिए बुलाया। सख्ती से पूछा गया कि उन्हें मालूम था कि बाथरूम में शव दफन है। मजदूरों ने बताया कि उन्हें ऐसी कोई जानकारी नहीं थी। पूछताछ के बाद दोनों को निर्दोष पाने पर पुलिस ने उन्हें जाने दिया।
शुक्रवार को उसने अपने जेठ अनिल को बुलाया और घटना की जानकारी दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फर्श खोदकर सुरेंद्र का कंकाल बरामद करते हुए रूबी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में अनिल ने बताया कि छोटा भाई सुरेंद्र कुछ काम नहीं करता था। रोज शराब पीने के कारण आए दिन पत्नी से उसका झगड़ा होता रहता था।vvvvvvvvvvvvvvvvvvvvvvvvvv

