नई दिल्ली 07 जुलाई। दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलुज’ को लेकर संग्राम है. सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ की ‘सतलुज’ ओटीटी प्लेटफॉर्म ZEE5 से भारत में हटा दी गई है. ओटीटी पर रिलीज के महज 48 घंटे के भीतर ही यह फिल्म भारत में हटा दी गई. इसे लेकर खूब विवाद हो रहा है. यह फिल्म मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालरा की जिंदगी पर आधारित है. फिल्म को ओटीटी से भी बैन करने के फैसले से दिलजीत दोसांझ दुखी हैं. सोशल मीडिया पर इस फिल्म और इसे ओटीटी से हटाने को लेकर तरह-तरह की बातें कही जा रही हैं. अब सवाल है कि आखिर दिलजीत दोसांझ की फिल्म सतलुज को हटाने का फैसला क्यों और कैसे किया गया?
दरअसल,सूत्रों से पता चला है कि ओटीटी प्लेटफॉर्म ZEE5 से दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलुज’ को हटाने का फैसला यूं ही नहीं हुआ है. पहले इस ‘सतलुज’ फिल्म की बारीकी से समीक्षा की गई. इसके कंटेंट को अच्छे से देखा और समझा गया. उसके बाद ही इसे ओटीटी से हटाने का फैसला लिया गया. अधिकारियों ने चिंता जताई थी कि फिल्म ‘सतलुज’ के कुछ हिस्सों का भारत-विरोधी तत्व गलत इस्तेमाल कर सकते हैं.
सूत्रों ने बताया कि ‘सतलुज’ को शुरू में सिनेमाघरों में रिलीज करने के लिए मंजूरी मांगी गई थी, लेकिन जिस रूप में इसे सेंसर बोर्ड के सामने पेश किया गया था, उसे मंजूरी नहीं मिली. इसके बाद ‘सतलुज’ को सिनेमाघरों में रिलीज करने के बजाय सीधे OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया गया. सूत्रों के अनुसार, ओटीटी रिलीज के बाद फिल्म के कुछ हिस्सों को लेकर चिंताएं जताई गईं. उन्होंने कहा कि भारत-विरोधी तत्व फिल्म सतलुज के इन हिस्सों का गलत इस्तेमाल कर सकते हैं. यही कारण है कि अधिकारियों ने इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म से हटाने के लिए कहा.
मौजूदा नियमों के तहत सीधे OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने वाले कंटेंट के लिए पहले से सर्टिफिकेशन की ज़रूरत नहीं होती है. हालांकि, स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म एक ‘सेल्फ़-रेगुलेटरी मैकेनिज़्म’ यानी खुद नियम बनाने और पालन करने की व्यवस्था के तहत काम करते हैं और संवेदनशील या संभावित रूप से नुकसानदेह कंटेंट के मामलों में सरकार की निगरानी में रहते हैं.
बहरहालल, ZEE5 ने पुष्टि की है कि ‘सतलुज’ फिलहाल भारत में उपलब्ध नहीं है. साथ ही, कंपनी ने कहा है कि वह फिल्म और उसके निर्माताओं के साथ खड़ी है और भारतीय दर्शकों के लिए इसे फिर से उपलब्ध कराने की उम्मीद में जरूरी प्रक्रिया का पालन कर रही है.
‘सतलुज’ फिल्म को लेकर विवाद क्यों?
दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलुज’ विवादों में है. यह मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालरा के जीवन और पंजाब में कथित फर्जी मुठभेड़ों जैसे संवेदनशील मुद्दों पर आधारित है. फिल्म के कंटेंट को लेकर सेंसर बोर्ड को आपत्ति रही है. यही कारण है कि इसे रिलीज नहीं किया गया. इसके बाद निर्माताओं ने इस फिल्म को ओटीटी पर रिलीज किया गया. मगर बाद में भारत में इसकी OTT स्ट्रीमिंग भी रोक दी गई.

