मेरठ 14 जुलाई (प्र)।बागपत में एक व्यक्ति के पास इंटरनेशनल कॉल आई, लेकिन मोबाइल पर दिखाई देने वाला नंबर स्थानीय कोड का था।
मेरठ और सहारनपुर में भी इसी तरह से विदेश से कॉल आई, लेकिन स्थानीय कोड और नंबर स्क्रीन पर दिखाई दिए। इसी तरह से मेरठ और हैदराबाद से शिकायत मिली। इन्हीं प्रकरण में टेलीकॉम मिनिस्ट्री की ओर से जांच शुरू की गई है, साथ ही इसी मामले में वेस्ट यूपी में कार्रवाई के लिए डीआईजी कलानिधि नैथानी से शिकायत की। आरोपियों की पहचान और कार्रवाई के लिए साइबर सेल और सर्विलांस टीमों को हर जिले में लगाया गया है। डिपार्टमेंट ऑफ टेलीकम्युनिकेशन की ओर से कुछ संदिग्ध कॉल को ट्रेस किया गया। ये कॉल विदेश से की गई थीं, लेकिन इन्हें किसी प्राइवेट वॉयस ऑवर प्रोटोकॉल की मदद से स्थानीय कॉल में बदलकर ट्रांसफर किया गया।
इस संबंध में कई शिकायतें भी मिली थी, जिसमें बागपत, मेरठ, बुलंदशहर और वेस्ट यूपी से हैं। इन्हीं को लेकर मेरठ पुलिस के आला पुलिस अधिकारियों से शिकायत हुई है। दर्जनों फर्जी कॉल सेंटर को चाइनीज सिम बॉक्स की मदद से चलाया जा रहा है।
इन्हीं इनपुट को लेकर डीआईजी मेरठ कलानिधि नैथानी के कार्यालय पर सोमवार को एक मीटिंग भी हुई, जिसमें भारत सरकार संचार मंत्रालय के प्रतिनिधि शामिल हुए। डीओटी के वरिष्ठ अधिकारी आदित्य सिंह ने पुलिस से समन्वय और पुलिस के साइबर व्रज अभियान में कार्रवाई को लेकर चर्चा की। संबंधित इनपुट को साझा किया गया और मेरठ और बाकी रेंज में एक साथ कार्रवाई की मांग की गई।
साइबर क्राइम से बचाव के लिए की गई कवायद
● 1. कानूनी और नियामक ढांचा – टेलीकॉम साइबर सिक्योरिटी(संशोधन) नियम 2025 के तहत वित्तीय और डिजिटल सेवाओं में इस्तेमाल होने वाले मोबाइल नंबरों की सत्यता जांचने के लिए एक विकेंद्रीकृत और सुरक्षित मोबाइल नंबर वैलिडेशन प्लेटफॉर्म शुरू किया गया है।
● 2. डिजिटल प्लेटफॉर्म और टूल्स – संचार साथी पोर्टल व ऐप के माध्यम से आम नागरिक अपने नाम पर चल रहे कनेक्शनों की जांच कर सकते हैं और चोरी या खोए हुए मोबाइल को ब्लॉक कर सकते हैं। अब तक करोड़ों संदिग्ध नंबर बंद किए जा चुके हैं।
● 3. चक्षु फैसिलिटी के जरिए नागरिक बैंक केवाईसी फ्रॉड, सरकारी अधिकारी बनकर ठगने, सेक्सटॉर्शन या फर्जी लॉटरी जैसे संदिग्ध कॉल्स, एसएमएस और व्हाट्सएप संदेशों की तुरंत रिपोर्ट कर सकते हैं।
● 4. डिवाइस स्क्रबिंग और डार्क मार्केट पर रोक – रीसेल डिवाइस स्क्रबिंग: सेकंड हैंड मोबाइल बाजार में चोरी या क्लोन किए गए फोन की रीसेल रोकने के लिए, डीलरों को अब डिवाइस को रीसेल करने से पहले उसके आईएमईआई को ब्लैक-लिस्टेड डेटाबेस से मैच और क्लीन करना अनिवार्य कर दिया गया है।
डीआईजी ने अलग रजिस्टर बनाने का दिया आदेश
डिपाटमेंट ऑफ टेलीकम्युनिकेशन की ओर से अपने वाली ई-मेल और पत्राचार को लेकर अलग रजिस्टर -फाइल बनाने का आदेश दिया है। थाना पुलिस को आदेश दिया है कि इन रिपोर्ट और पत्राचार को लेकर तुरंत संज्ञान लेकर कार्रवाई कराई जाए।
ऑपरेशन साइबर वज्र के तहत हुई कार्रवाई
ऑपरेशन साइबर-वज्र के तहत पिछले पांच दिन में मेरठ चेक विड्रॉल, एटीएम से कैश निकालने, म्यूल खातों, संदिग्ध मोबाइल और सिम बॉक्स को लेकर मेरठ रेंज में 435 शिकायतों का निस्तारण किया है। 77 मुकदमे किए गए और 65 की गिरफ्तारी की गई।

