हैदराबाद, 20 अप्रैल (ता)। हैदराबाद सिटी पुलिस ने देश में चल रहे बड़े साइबर ठगी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई में पुलिस देशभर में फैले साइबर ठगी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 9 राज्यों से 52 आरोपियों को दबोचा किया है। गिरफ्तारी में 32 बैंक अधिकारी भी शामिल हैं। कार्रवाई पर जानकारी देते हुए पुलिस आयुक्त वीसी सज्जनार ने गत दिवस कहा कि यह कार्रवाई ऑपरेशन ऑक्टोपस 2.0 के तहत की गई है। उन्होंने जानकारी देते हुए आगे कहा कि यह अभियान अनुभवी जांचकर्ताओं की 16 विशेष टीमों ने 7 दिनों तक 9 राज्यों में एक साथ चलाया। इस दौरान देशभर से 52 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसमें 32 बैंक अधिकारी शामिल हैं। जोकि ठगी में अहम भूमिका निभा रहे थे।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि गिरफ्तार बैंक अधिकारियों में तमाम बैंकों से जुड़े अधिकारी भी शामिल हैं। पुलिस ने 15 ऐसे खाताधारकों को भी गिरफ्तार किया है, जिन्होंने जानबूझकर अपने बैंक खातों का इस्तेमाल अवैध पैसे के लेन-देन में किया था। कार्रवाई में 5 ऐसे बिचौलियों को भी पकड़ा गया है, जो इन खातों की व्यवस्था करते थे और पैसों को मुख्य आरोपियों तक पहुंचाने में मदद करते थे। छापेमारी के दौरान 26 मोबाइल फोन, 14 चेक बुक, 2 पेन ड्राइव, 1 लैपटॉप और 21 शेल कंपनियों की मुहरें बरामद की गई।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि हाल के दिनों में निवेश घोटाले, ट्रेडिंग फ्रॉड और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराध तेजी से बढ़े हैं, जिनमें ठग लोगों को डराकर और बहलाकर बड़ी रकम ठग लेते हैं। इसी को देखते हुए पहले ऑपरेशन ऑक्टोपस-1 चलाया गया था। कार्रवाई में 16 राज्यों में 32 टीमों ने कार्रवाई कर 117 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उस दौरान 350 बैंक खातों का खुलासा हुआ था। ये देशभर के करीब 850 मामलों से जुड़े थे और इनमें लगभग 150 करोड़ रुपए का लेन-देन हुआ था।
अब ‘ऑपरेशन ऑक्टोपस 2.0’ में खास तौर पर बैंक अधिकारियों की भूमिका पर फोकस किया गया, जो फर्जी खातों खोलने में शामिल पाए गए। यह अभियान महाराष्ट्र, दिल्ली, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, गुजरात, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और बिहार में चलाया गया। पुलिस ने यह भी पाया कि निजी बैंकिंग सेक्टर में ऐसे फर्जी खाते ज्यादा खोले जा रहे हैं, जो केवाईसी प्रक्रिया में लापरवाही की वजह से संभव हो रहा है। कई मामलों में ग्राहकों की सही जांच किए बिना ही खाते खोल दिए गए, जिनका इस्तेमाल बाद में साइबर ठगी में किया गया।
Trending
- शिवरात्रि पर सुबह से ही झमाझम बारिश
- भोले की भक्ति में डूबी रामनगरी अयोध्या, तीन लाख श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
- अतिवृष्टि से तमक नाला उफनाया, बैली ब्रिज बहा, चीन सीमा से संपर्क कटा, बीआरओ का कर्मचारी लापता
- आज रात से बाबा औघड़नाथ मंदिर में उमड़ेगा आस्था का सैलाब
- हल्की बारिश होने पर उमस से लोगों को राहत, अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहा
- औघड़नाथ मंदिर में सावन के दूसरे सोमवार को उमड़ी शिवभक्तों की भीड़
- सरकारी अधिकारी बनकर साइबर ठगों ने सिखेड़ा के किसान को बनाया निशाना
- विधायक ने 25 शादी कराने वाले समधी पर किया केस

