मथुरा, 30 जून (ता)। मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर आज मंगलवार तड़के साढ़े 3 बजे वॉल्वो बस ने ट्रेलर को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई। 27 यात्री घायल हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा ट्रेलर में करीब 8 फीट तक घुस गया। यात्री बस में फंस गए। एक युवक का शव खिड़की से लटक गया।
मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। खिड़कियां-गेट तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया। बस लखनऊ से दिल्ली जा रही थी। 65 यात्री सवार थे। हादसा मथुरा जिला मुख्यालय से 20 किमी दूर राया थाना इलाके में हुआ।
एसएसपी श्लोक कुमार ने कहा कि हादसे में बस चालक उपदेश यादव, परिचालक (कंडक्टर), क्लीनर और एक यात्री की मौत हो गई। मृतकों में 3 के नाम पता नहीं चल पाए हैं। बस में सवार 34 यात्री सुरक्षित हैं। उन्हें दूसरी बसों से उनके घरों के लिए रवाना कर दिया गया है।
जिस वक्त हादसा हुआ उस वक्त ज्यादातर यात्री सो रहे थे। ऐसे में कई यात्री टक्कर के बाद सीटों के बीच फंस गए। उन्हें निकालने के लिए बस को गैस कटर से काटा गया। करीब दो घंटे तक रेस्क्यू चला है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा दुख जताते हुये मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है जबकि घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिये हैं। पुलिस के अनुसार हादसा बस चालक की लापरवाही के कारण होना प्रतीत होता है क्योंकि ट्रेलर एक्सप्रेस वे की तीसरी लेन पर सामान्य गति से जा रहा था। बस ने उसे पीछे से टक्कर मारी और दो से तीन मीटर तक उसमें घुस गई। मृतकों की पहचान की जा रही है। मौके पर राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर करते हुये सड़क यातायात को बहाल कर दिया गया है।
Trending
- बिहार में 17 अगस्त से जमीन-फ्लैट की रजिस्ट्री होगी पेपरलेस, डीड से स्टांप तक पूरा काम ऑनलाइन
- हिमाचल के सोलन में NH-205 पर भूस्खलन, कार पर गिरी चट्टान; एक की मौत और दो घायल
- 10-20 के प्लास्टिक नोट के ट्रायल को मंजूरी, जानिए कितने छपेंगे नए नोट
- होटल-रेस्तरां वालों के लिए नई एडवाइजरी, एक गलती और बंद हो जाएगी दुकान, जानिए नए निर्देश
- बारिश से भरभरा कर गिरी मकान की छत, मलबे में दबकर वृद्धा की मौत, दो घायल
- फार्मा कंपनियों पर केस, जब्त की कोडीन सीरप की 5,050 बोतलें
- BEYOND THE BARRICADES: THE ‘MANTAR’ OF HARMONY AT JANTAR MANTAR
- राज्य सरकार पूरे प्रदेश में अपराएगी गोमूत्र डेरी का माडल

