दाड़लाघाट (सोलन)। एनएच-205 पर शिमला मंडी मार्ग पर दसेरन (छैता) के समीप मंगलवार को लैंडस्लाइड के दौरान पहाड़ी से अचानक एक भारी-भरकम चट्टान सड़क पर गिर गई। चट्टान शिमला से बिलासपुर की ओर जा रही वेगनार कार एचपी-52ए-7197 से जा टकराई।
हादसे में कार सवार 63 वर्षीय अनिल बक्शी पुत्र राम शरण बक्शी, निवासी छोटा शिमला की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और बेटा घायल हो गए। पुलिस के अनुसार हादसे में 58 वर्षीय बिजेश्वरी बक्शी पत्नी अनिल बक्शी और 27 वर्षीय करण बक्शी पुत्र अनिल बक्शी घायल हुए हैं।
दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अर्की भेजा गया। अस्पताल में घायलों को फौरी राहत के तौर पर पांच-पांच हजार रुपये की राशि प्रदान की गई। हादसे में अनिल बक्शी की मौत के बाद उनके शव को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए कब्जे में लिया गया है।
एसडीएम अर्की निशांत तोमर ने बताया कि मृतक के परिजनों को प्रशासन की ओर से फौरी राहत के तौर पर 25 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई है। पुलिस के अनुसार लैंडस्लाइड की चपेट में आने से कार क्षतिग्रस्त हुई और हादसे के बाद एनएच-205 भी अवरुद्ध हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
जेसीबी और एक्सकेवेटर मशीनों की सहायता से सड़क पर गिरे मलबे और पत्थरों को हटाकर मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया है। डीएसपी दाड़लाघाट नवीन झाल्टा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।

