मेरठ 01 अगस्त (प्र)। शास्त्री नगर सेंट्रल मार्केट प्रकरण और सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में चल रही सेटबैक कार्रवाई के बीच शुक्रवार को आवास एवं विकास परिषद कार्यालय में अधिकारियों, व्यापारियों और महिलाओं के प्रतिनिधियों के बीच फिर अहम बैठक हुई। इसमें सबसे बड़ा संदेश यह सामने आया कि जिन दुकानदारों की ओर से निर्धारित सेटबैक दिया जाएगा, केवल वही नई दुकान पाने के पात्र होंगे। परिषद के इस स्पष्ट रुख के बाद क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। बैठक में उप आवास आयुक्त अनिल सिंह, अधीक्षण अभियंता राहुल यादव, अधिशासी अभियंता अभिषेक राज और संपत्ति प्रबंधक सुनील शर्मा मौजूद रहे। व्यापारियों और महिलाओं के प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।
अधिकारियों ने रिडेवलपमेंट योजना पर दोबारा विचार करने का सुझाव देते हुए कहा कि पहले पूरी योजना समझी जाए, उसके बाद निर्णय लिया जा सकता है। प्रतिनिधियों ने वर्षों पहले व्यावसायिक उपयोग (कमर्शियल) के लिए जमा कराई गई फीस वापस करने की मांग भी उठाई। अधिकारियों ने इस पर प्रक्रिया शुरू कराने का भरोसा दिया। साथ ही नामांतरण (म्यूटेशन) के लंबित मामलों को भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने और प्रक्रिया में तेजी लाने का आश्वासन दिया। बैठक में 11 सदस्यीय समन्वय संघर्ष समिति का गठन भी किया गया।
तय हुआ कि आगे आंदोलन की रणनीति, प्रशासन से वार्ता और अन्य महत्वपूर्ण निर्णय इसी समिति के माध्यम से लिए जाएंगे। समिति शास्त्री नगर सेंट्रल मार्केट, इंडब्ल्यूएस और एलआईजी क्षेत्र के प्रभावितों का प्रतिनिधित्व करेगी। दोनों पक्षों ने संवाद जारी रखने पर सहमति जताई, ताकि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन करते हुए प्रभावित लोगों की समस्याओं का व्यावहारिक समाधान निकाला जा सके। बैठक में यह भी तय हुआ कि आगे आंदोलन प्रशासन से वार्ता और अन्य महत्वपूर्ण निर्णय अब एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से होंगे। दोनों पक्षों ने संवाद जारी रखने पर सहमति जताई, ताकि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन करते हुए प्रभावित लोगों की समस्याओं का व्यावहारिक समाधान निकाला जा सके।
समन्वय संघर्ष समिति संभालेगी आंदोलन और वार्ता की कमान
शास्त्री नगर सेंट्रल मार्केट, ईडब्ल्यूएस और एलआईजी क्षेत्रों के प्रतिनिधियों को मिलाकर 11 सदस्यीय समन्वय संघर्ष समिति गठित की गई है। समिति प्रशासन और आवास एवं विकास परिषद से होने वाली वाताओं, आंदोलन की रणनीति तथा प्रभावित लोगों से जुड़े फैसलों का समन्वय करेगी। समिति में मनोज गर्ग (अध्यक्ष, तिरंगा चौक व्यापार संघ), संजीव पुंडीर (पार्षद पति), आलोक सोम (उपाध्यक्ष, तिरंगा चौक व्यापार संघ ), हरि पुजानी (भजन गायक), शुभम डुगलीस, शीतल पुजानी, राधा गुप्ता, शालिनी शर्मा और प्रीति कपूर शामिल है। समिति सदस्यों के नाम भी शामिल हैं। समिति का उद्देश्य सभी प्रभावित परिवारों की ओर से एकजुट होकर प्रशासन के सामने पक्ष रखना और आगे की रणनीति तय करना है।

