मेरठ 28 जुलाई (प्र)। जागृति विहार एक्सटेंशन में सोमवार को एक ऐसा दृश्य देखने को मिला जिसने कार्रवाई को अलग पहचान दे दी। बुलडोजर जैसे ही अवैध निर्माण तोड़ने पहुंचा, लोगों ने सवाल उठाया कि नियम अगर आम लोगों पर लागू हैं तो विभाग के कर्मचारी पर भी होने चाहिए। विरोध के बीच एक महिला ने आवास विकास के कर्मचारी के मकान का मुद्दा उठाया। इसके बाद अधिशासी अभियंता अभिषेक राज खुद मौके पर पहुंचे और जांच कर कर्मचारी के मकान पर भी नियम विरुद्ध बने हिस्से को तुड़वा दिया। इसके बाद लोगों में चर्चा रही कि इस बार कार्रवाई केवल दूसरों पर नहीं, बल्कि अपने लोगों पर भी हुई। कार्रवाई की शुरुआत सेक्टर-1 से हुई, जहां निर्माणाधीन मंदिर समेत दो स्थानों पर सेटबैक तोड़ा गया। इसके बाद टीम सेक्टर- 3 पहुंची और एक निर्माण पर कार्रवाई की। सबसे बड़ी कार्रवाई सेक्टर-5 में हुई, जहां चार निर्माणों पर बुलडोजर चला। इनमें एक मकान को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया, आवास विकास का साफ जबकि अन्य निमाणों में सेटर्वक हटाया गया।

कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध भी किया। लोगों का आरोप था कि परिषद अपने कर्मचारियों के निर्माण पर कार्रवाई नहीं करती। इस दौरान एक महिला, जिसके निर्माणाधीन मकान पर बुलडोजर चल रहा ने कहा कि यदि उसका मकान तोड़ा जा रहा है तो परिषद के रिटायर्ड कर्मचारी ब्रह्म सिंह के मकान पर भी समान कार्रवाई होनी चाहिए। यह बात सुनते ही अधिशासी अभियंता अभिषेक राज टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच के बाद कर्मचारी के मकान पर भी नियमों के विपरीत बने हिस्से पर बुलडोजर चलवाया। इस कार्रवाई के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने इसे निष्पक्ष कार्रवाई बताया। हालांकि, कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि बिना पूर्व सूचना दिए कार्रवाई की गई। वहीं स्थानीय लोगों ने यह मुद्दा भी उठाया कि जागृति विहार एक्सटेंशन में कई अन्य अवैध निर्माण अब भी खड़े हैं। कुटी चौराहे की ओर सर्विस रोड पर भी अतिक्रमण कर दुकानों का निर्माण किया जा रहा है। लोगों का मानना है कि यदि परिषद ने इसी तरह अभियान जारी रखा तो जल्द ही वहां भी बुलडोजर चल सकता है।
आवास विकास का साफ संकेत, अब किसी को नहीं मिलेगी छूट
सोमवार की कार्रवाई ने यह संकेत जरूर दे दिया कि सेंट्रल मार्केट के बाद आवास विकास परिषद अब अपने स्वीकृत नक्शों के उल्लंघन पर लगातार सख्ती बरतने की तैयारी में है और नियमों के पालन में किसी को भी छूट देने के पक्ष में नहीं दिख रहा।
नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई जारी रहेगी
आवास एवं विकास परिषद के अधीक्षण अभियंता राहुल यादव ने कहा कि परिषद स्वीकृत नक्शों के विपरीत किए गए निर्माणों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने बताया कि सोमवार को जागृति विहार एक्सटेंशन में नियमों का उल्लंघन करने वाले निर्माणों पर कार्रवाई की गई। उनका कहना है कि परिषद का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष निशाना बनाना नहीं, बल्कि स्वीकृत मानकों का पालन सुनिश्चित कराना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जहां भी नियमों का उल्लंघन मिलेगा, वहां बिना किसी भेदभाव के नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

