मेरठ 26 जून (प्र)। सैन्य परिवारों के स्वास्थ्य और कल्याण को बढ़ावा देने की दिशा में मेरठ छावनी ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए गुरुवार को अब्दुल हमीद सैनिक संस्थान में आरोग्यम महिला कल्याण केंद्र का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सब एरिया के जीओसी मेजर जनरल सुमित राणा ने किया। पश्चिम यूपी सब एरिया मुख्यालय के सहयोग से शुरू हुआ यह आरोग्यम केन्द्र मिलिट्री हॉस्पिटल के सैटेलाइट सेंटर के रूप में कार्य करेगा।
आरोग्यम महिला कल्याण केंद्र के उद्घाटन पर जीओसी मेजर जनरल सुमित राणा ने कहा कि एक सैनिक की मानसिक मजबूती का सबसे बड़ा आधार उसके परिवार का स्वस्थ और सुरक्षित होना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोग्यम मात्र एक उपचार केंद्र नहीं, बल्कि महिलाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाने और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने का एक व्यापक अभियान है।
मिलिट्री हॉस्पिटल के कमांडेंट ब्रिगेडियर सीपी सिंह ने बताया कि महिलाएं अक्सर परिवार की देखभाल में अपने स्वास्थ्य को अनदेखा कर देती हैं। अब उन्हें घर के समीप ही विशेषज्ञ चिकित्सकों, डायटिशियन और मनोवैज्ञानिक परामर्शदाताओं की सेवाएं मिलेंगी। पूर्व कमांडेंट ब्रिगेडियर विक्रम पात्रा, डिप्टी जीओसी ब्रिगेडियर एसके सिंह, आर्मी वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन (आवा) की प्रतिनिधि नेहा पूनिया, अंकिता, डा. लिपिका पात्रा, अचला सिंह आदि।
दिव्यांग बच्चों के पुनर्वास को सेना देगी नई दिशा
दिव्यांग बच्चों के पुनर्वास, विशेष शिक्षा और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पश्चिम यूपी सब एरिया मुख्यालय और लखनऊ के डा. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय के बीच गुरुवार को एक महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इसके बाद सब-एरिया मुख्यालय के अशोका हॉल में आयोजित औपचारिक कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के डीन एकेडमिक्स डा. कौशल शर्मा, सब एरिया के जीओसी मेजर जनरल सुमित राणा और विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार रोहित सिंह सहित सेना और विश्वविद्यालय के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। पूर्व कमांडेंट ब्रिगेडियर विक्रम पात्रा ने इस साझेदारी को मील का पत्थर बताते हुए कहा कि वर्षों पहले देखी गई परिकल्पना का साकार होना गर्व का विषय है।

