मोदीनगर 24 फरवरी। हापुड़ मोदीनगर मार्ग के सुदृढीकरण एंव चौडीकरण का विधिवत् शिलान्यास धार्मिक मंत्रोच्चारण के बीच बागपत मोदीनगर लोकसभा के सांसद एवं रालोद नेता डा. राजकुमार सांगवान, विधायक डा. मंजू सिवाच ने संयुक्त रूप से किया। इससे पूर्व भोजपुर ब्लाक मुख्यालय पर आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए सांसद डा. राजकुमार सांगवान ने कहा कि विकास के क्रम में निवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय खुलेगा और शूटिंग रेंज स्थल विकसित होगा और मोदीनगरवासियों के जलभराव की समस्या के निराकरण के लिए सीवरेज सिस्टम को मंजूरी प्रदान हो गयी है।
निर्माण कार्य का उद्घाटन करने सांसद डा. राजकुमार सांगवान मेरठ से रैपिड ट्रेन से चलकर मोदीनगर पहुंचे। कहा कि तकरीबन 40 करोड़ की महत्वपूर्ण परियोजना क्षेत्रीय विकास की दिशा में एक सशक्त एवं दूरदर्शी पहल है, जिससे आवागमन व्यवस्था को नई गति एवं मजबूती प्राप्त होगी। सांसद डा राजकुमार ने कहा कि सांसद एवं विधायक के साथ- साथ चेयरमैन मिलकर ट्रिपल इंजन की सरकार के तहत मोदीनगर विधानसभा क्षेत्र में जनहित का कार्य कर रहे हैं। विधायक के प्रयास से मुख्यमंत्री की सिफारिश पर गांव सैदपुर हुसैनपुर डीलना की भूमि पर आयुष अस्पताल के निर्माण को मंजूरी प्रदान हो चुकी हैं।
गांव सीकरीखुर्द महामाया देवी मंदिर स्थल का विकसित कराकर श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए सीकरी फाटक पर आरओबी निर्माण प्रस्तावित हैं। हालाँकि तिवडा रोड पर टू व्हीलर व हल्के फोरव्हीलर वाहनों के लिए आरओबी निर्माण भी मंजूर हो चुका है। हापुड़ मोदीनगर मार्ग पर आरओबी निर्माण कार्य गति पर है। इन निर्माण कार्यों से प्रतिदिन हजारों राहगीरों, स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारिक गतिविधियों को लाभ मिलेगा। जाम की समस्या से राहत मिलेगी तथा आमजन का सफर अधिक सुरक्षित, सुगम एवं समयबद्ध हो सकेगा।
उन्होने कहा कि केंद्रीय श्रम मंत्री से उनकी वार्ता लगातार जारी है। हो सका तो सौंदा रोड स्थित ईएसआई अस्पताल में ट्रामा सेंटर को भी इसी वित्त वर्ष में मंजूरी मिल सकती है। विधायक डा मंजू शिवाच ने कहा मुख्यमंत्री के समक्ष निवाडी में औद्योगिक क्षेत्र के साथ ही सिखेडा रोड पर प्राईवेट औद्योगिक एरिया विकसित करने की मांग पर ‘शासन रिपोर्ट तैयार कर रहा हैं। हमारा संकल्प है कि मोदीनगर विधानसभा क्षेत्र के समग्र एवं संतुलित विकास हेतु निरंतर प्रयास जारी रहेंगे और जनहित से जुड़ी प्रत्येक आवश्यकता को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
मंचासीन सीडीओ अभिनव गोपाल, विधुत विभाग के ई ई महेशचंद उपाध्याय, बीडीओ आर्यन जैन ने भी जनसमस्याओं को सुना। इस अवसर पर विधायक डा मंजू शिवाच, पालिकाध्यक्ष विनोद वैशाली, भाजपा नेता अमित चौधरी, भोजपुर की ब्लॉक प्रमुख सुचेता सिंह, गन्ना विकास समिति के चेयरमैन राजन चौधरी, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता रामराजा, रालोद के जिलाध्यक्ष रामपाल चौधरी, सतेंद्र चौधरी, रामभरोसे लाल मौर्य, रणबीर दहिया, निवाडी नगर पंचायत के चेयरमैन अनिल त्यागी, पिंकी चौधरी, जयप्रकाश शर्मा, जयदीप पतला, विनोद गौत्तम, मोहन सिंह उर्फ मोनू धामा सहित पालिका के मौजूद रहें।

