मथुरा 03 अक्टूबर। मथुरा में गुरुवार देर रात भाजपा नेता के भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के करने के बाद आरोपी मौके से भाग गए। युवक अजीत अपने पिता और भाई के साथ दशहरा मेला देखकर घर लौट रहा था। रास्ते में बाइक टकराने को लेकर उसका कुछ लड़कों के साथ विवाद हो गया।
अजीत के पिता ने आरोपियों को खिलाफ तहरीर दी है। उनका कहना है कि विवाद न हो इसके लिए हम लोग अपने भाई के घर चले गए। फिर भी आरोपी पीछा करते हुए हमारे पीछे पहुंच गए। मेरे बेटे को गोली मार दी। घटना छाता थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे से गोवर्धन की तरफ जाने वाले रास्ते पर फ्लाईओवर की है।
बरसाना के आजनौक गांव के रहने वाले जगदीश अपने बड़े बेटे अजीत और रामवीर के साथ दशहरा मेला देखने छाता गए थे। जगदीश ने बताया कि हम तीनों मेला देखकर लौट रहे थे। RPL होटल के पास मेरी बाइक आगे चल रही बाइक से टकरा गई। इसी बात को लेकर विवाद हो गया।
इसके बाद हम लोग अपने भाई भाजपा नेता सुग्घद सिंह घर पहुंचे। सुग्घद सिंह भाजपा के छाता कस्बे के बूथ अध्यक्ष हैं। सुग्घद सिंह ने बताया कि रात 10 बजे अजीत मेरे पास हड़बड़ाते हुए आया। बताया कि कुछ लड़कों से झगड़ा हुआ है। मैंने कहा कि खाना-पीना खाओ, जो होगा देखा जाएगा। शांति से रहो। मैं खुद चलकर तुम लोगों को घर छोड़ देता हूं। मैं अपने बेटे को साथ में लेकर इन्हें छोड़ने के लिए जा रहा था।
फिर मेरे पास सूचना आई कि जिनके साथ झगड़ा हुआ है, वो गोवर्धन पुल के नीचे हैं। मैंने कहा लाइन-लाइन कॉलोनी से निकलकर बरसाना रोड चलते हैं। अब रात में यहां मुझसे कुछ नहीं हो पाएगा। फ्लाईओवर के नीचे पहुंचे ही थे, तभी पीछे से चार-पांच लड़कों ने आकर हमें पकड़ लिया।
चार-पांच लड़कों ने पकड़ लिया। इसके बाद एक लड़के ने गोली मारी, जिसे मैं नहीं पहचानता। चार लड़के अजनौक गांव के ही रहने वाले थे। कुछ देर बाद गांव के लोग भी वहां पहुंच गए। सुग्घद सिंह ने बताया कि गोली लगने से अजीत वहीं गिर गया। उसके शरीर से खून बहने लगा।
हम लोग उसे लेकर केडी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जहां कुछ देर बाद डॉक्टरों ने अजीत को मृत घोषित कर दिया। अजीत को गोली मारने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
अजीत के पिता जगदीश ने आजनौक गांव के रहने वाले सोनू,पवन, जीतू और मृदुल के खिलाफ केस दर्ज कराया है।