भोगापुरम हवाई अड्डा (विजयनगरम) 01 अगस्त। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के भोगापुरम में 4,750 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया.
साथ ही पीएम मोदी ने, लगभग 17900 करोड़ रुपये के विकास परियोजनाओं का शुभारंभ, उद्घाटन और शिलान्यास किया. पीएम मोदी ने कहा कि, आंध्र प्रदेश आज कितनी तेजी से आगे बढ़ रहा है.
राज्य के गवर्नर जस्टिस अब्दुल नजीर, मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, डिप्टी सीएम पवन कल्याण और मंत्री नारा लोकेश ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया. केंद्रीय मंत्री राममोहन, श्रीनिवास वर्मा और पेम्मासनी चंद्रशेखर ने भी गुलदस्ते देकर उनका स्वागत किया.
पीएम मोदी ने विजयनगरम स्थित भोगपुरम एयरपोर्ट का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि अल्लूरी सीताराम राजू जी ने जिस धरती पर आदिवासी हितों के लिए अपना जीवन समर्पित किया, आज उसी धरती पर आंध्र प्रदेश के एक नए एयरपोर्ट की शुरुआत हो रही है। यह एयरपोर्ट आंध्र प्रदेश और उत्तर आंध्र की ग्रोथ का रनवे है। ये आंध्र प्रदेश के युवाओं के बेहतर भविष्य का ल़ॉन्चपैड है।
श्री अल्लूरी सीताराम राजू के नाम पर होगा एयरपोर्ट-पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पहले जब एयरपोर्ट बनते थे, तो एयरपोर्ट के नाम एक ही परिवार के नाम पर चढ़ जाते थे। हमने इस परंपरा को बदला। हमने अयोध्या में एयरपोर्ट का नाम वाल्मीकि के नाम से जोड़ा। हमने पंजाब में संत रविदास जी के नाम से एयरपोर्ट का नाम जोड़ा और केंद्र की NDA सरकार ने ये निर्णय किया है कि इस नए एयरपोर्ट का नाम श्री अल्लूरी सीताराम राजू के नाम पर होगा।
भोगापुरम में अल्लूरी सीताराम राजू इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दो रनवे हैं. प्रत्येक रनवे 3.8 किलोमीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा है, जो एयरबस और बोइंग जैसे बड़े एयरक्राफ्ट को आसानी से खड़ा करने के लिए डिजाइन किया गया है.
5,000 स्क्वायर मीटर में फैला एक कार्गो टर्मिनल और लॉजिस्टिक्स जोन, जिसकी हैंडलिंग कैपेसिटी 25,000 टन है, जो फार्मास्यूटिकल्स, एक्वाकल्चर प्रोडक्ट्स और समुद्री संसाधन के एक्सपोर्ट के जरिए औद्योगिक विकास को बढ़ावा देता है.
79,000 स्क्वायर मीटर में फैली एक दो-लेवल पैसेंजर टर्मिनल बिल्डिंग, जिसमें सेंट्रलाइज्ड डिजाइन, आसान चेक-इन प्रक्रिया, भरपूर प्राकृतिक रोशनी और आरामदायक ट्रैवल एक्सपीरियंस के लिए वर्ल्ड-क्लास सुविधाएं हैं.
55 मीटर ऊंचा और 11,000 स्क्वायर मीटर में फैला एक एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) टावर, जिसमें 360-डिग्री विजिबिलिटी और पूरी एयरोड्रोम फ्लाइट इन्फॉर्मेशन सर्विस हैं. एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉल (MRO) के लिए 25 एकड़ की फैसिलिटी, जिसमें एप्रन, एयरक्राफ्ट वॉशिंग बे, एयरसाइड और लैंडसाइड सर्कुलेशन एरिया, हैंगर और इंजन रन-अप बे हैं.
यह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा कौशल विकास को बढ़ावा देने और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को तेज करने के लिए GMR एविएशन यूनिवर्सिटी और एयरो सिटी वाला एक इंटीग्रेटेड इकोसिस्टम है. इससे उत्तर आंध्र के इलाके में सीधे तौर पर 15,000 लोगों और अप्रत्यक्ष रूप से 5.85 लाख लोगों के लिए रोजगार के मौके मिलेंगे.
पीएम मोदी ने कहा कि आज देश ब्लू इकोनॉमी को लगातार मजबूत कर रहा है। हमारा विजन है कि ये पूरा क्षेत्र कोस्टल इकोनॉमिक कॉरिडोर के रूप में विकसित हो। इसी लक्ष्य के साथ, विशाखापट्टनम से कृष्णापट्टनम तक हमारे पुराने पोर्ट्स को आधुनिक रूप दिया जा रहा है। इसके अलावा मुलापेटा और रामायापट्टनम में, हम नए पोर्ट्स भी बना रहे हैं।
हमारा फोकस अब सेमीकंडक्टर जैसी इंडस्ट्री पर है-पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि हमारे टैलेंटेड युवाओं की प्रतिभा का लाभ आंध्र प्रदेश और देश को ज्यादा से ज्यादा मिले, ये आवश्यक है। इसके लिए हमारा फोकस अब सेमीकंडक्टर जैसी futuristic tech industry पर है। विशाखापट्टनम में नए सेमीकंडक्टर प्लांट का शिलान्यास, इसी दिशा में एक बड़ा कदम है।

