शामली 24 जुलाई। एक जुलाई को किशोरी का शव घर में ही फंदे पर लटका मिला था। पिता ने एक नामजद समेत दो लोगों पर फंदे पर लटकाकर हत्या करने का आरोप लगाया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद जब पुलिस ने जांच शुरू की तो मामला झूठी आन के लिए हत्या करने का सामने आया। पुलिस ने कांधला छोड़ कैराना में रह रहे पिता और सौतेली मां को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि बेटी का चाल-चलन ठीक नहीं था. इसलिए हत्या कर दी।
कांधला के मुहल्ला इलियास नगर निवासी 17 वर्षीय हिना का शव घर में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटका मिला था। पिता ने दो पड़ोसी युवकों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को भी गुमराह करने का प्रयास किया था। हालांकि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया तो रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद जब जांच शुरू हुई तो किशोरी के पिता और सौतेली मां कांधला छोड़कर कैराना चले गए। पुलिस ने आनर किलिंग के बिंदु पर पड़ताल की। 22 जुलाई को थाना कांधला पर सौतेली मां और पिता के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
गुरुवार को पुलिस ने पिता अहसान और सौतेली मां गुफराना को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि अहसान की पहली पत्नी की 2020 में मौत हो गई थी। वर्ष 2021 में अहसान ने गुफराना से निकाह कर लिया था। पहली पत्नी से अहसान के तीन बच्चे थे। गुफराना शुरू से ही हिना पर शक करती थी। कई बार समझाने के बाद भी किशोरी नहीं मानी तो उन्होंने उसकी हत्या करने की योजना बनाई। एक जुलाई को अहसान ने अपने दोनों बेटों को मदरसे भेज दिया। घर में किशोरी को अकेली पाकर सौतेली मां ने उसके पैर पकड़े और पिता ने गले में पड़े दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए शव को फंदे पर लटका दिया था। बाद में दो युवकों पर आरोप लगा दिया था। भेद खुलने के डर से आरोपित परिवार समेत घर छोड़कर कैराना चले गए थे और पंजाब या हरियाणा भागने की फिराक में थे।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर घटना से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने और पुलिस को गुमराह करने समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

