मेरठ 22 जुलाई (प्र)। कांवड़ यात्रा को लेकर 29 जुलाई की रात 12 बजे से दिल्ली – रुड़की हाईवे पर भारी वाहनों के संचालन पर रोक लगा दी जाएगी। साथ ही गंगनहर पटरी भारी और हल्के, जबकि डीएमई (दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे) पर भारी वाहनों का संचालन बंद कर दिया जाएगा। दो अगस्त से हाईवे वनवे हो जाएगा। हरिद्वार से दिल्ली जाने वाली साइड पर कांवड़िये चलेंगे, जबकि दिल्ली से हरिद्वार जाने वाली साइड पर हल्के वाहन (चार पहिया और दुपहिया) आ-जा सकेंगे। कांवड़ियों की संख्या को देखते हुए पांच अगस्त से हल्के वाहनों पर भी रोक लगा दी जाएगी। इमरजेंसी सेवाएं और यातायात विभाग से पास जारी वाले वाहनों का संचालन जारी रहेगा। गंगा एक्सप्रेसवे और दिल्ली – देहरादून इकोनामिक कारिडोर पर भारी वाहनों का संचालन जारी रहेगा।
गंगा एक्सप्रेसवे का खरखौदा कट बंद कर दिया जाएगा। एक्सप्रेसवे पर बिजौली वाले कट से ही वाहन चढ़ और उतर सकेंगे। इकोनामिक कारिडोर पर शहर के लोग सरधना रोड से जा सकेंगे। यह आदेश 12 अगस्त तक लागू रहेंगे। एसपी यातायात राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे और दिल्ली – दून इकोनामिक कारिडोर से आने वाले इमरजेंसी सेवा के भारी वाहनों को रात एक से तीन बजे तक शहर के अंदर प्रवेश दिया जाएगा।
आवश्यक वस्तुओं दूध, फल सब्जी एवं अन्य खाद्य वस्तुओं
के आवागमन हेतु उपयोग में लाये जाने वाले वाहनों के लिए कांवड़ स्टीकर पास जारी होगा। एंबुलेंस समेत इमरजेंसी की सभी सेवाएं चलती रहेंगी। वहीं खतौली से मुरादनगर तक गंगनहर कांवड़ पटरी पर 29 जुलाई से हल्के और भारी वाहनों के संचालन पर रोक लगाई जाएगी।
इस तरह से दिल्ली जा सकेंगे शहरवासी
लोग नमो भारत से दिल्ली जा सकेंगे। नमो भारत स्टेशन पर पहुंचने के लिए व्यवस्था बनाई जाएगी। मवाना रोड से आने वाले वाहन यूनिवर्सिटी रोड से तेजगढ़ी से एल ब्लाक होकर बिजली बंबा मार्ग से शाप्रिक्स माल पहुंचकर दिल्ली रोड होते हुए दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (डीएमई) पर चढ़ सकते हैं। साथ ही एनएच-58 (रुड़की हाईवे) की एक साइड से भी दिल्ली जा सकेंगे। इसी तरह से बिजली बंबा चौकी से सीधे हापुड़ बाईपास से डासना होते हुए भी दिल्ली जाने का विकल्प रहेगा। इसके अलावा मवाना रोड से कंकरखेड़ा होते हुए सरधना रोड से इकोनामिक कारिडोर से भी दिल्ली जा सकेंगे।
रोडवेज बसों का इस तरह होगा संचालन
- दिल्ली-गाजियाबाद से मेरठ आने वाली रोडवेज बस डीएमई से भोजपुर कट से नीचे उतरकर हापुड़ होकर चौकी साइलो -3 से टियाला अंडरपास से किठौर होते हुए सोहराव गेट बस अड्डे पर पहुंचेंगी। इसी तरह से वापस दिल्ली जाएगी।
- मेरठ से हरिद्वार, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, देहरादून को जाने वाली रोडवेज बसें सोहराव गेट अड्डे से संचालित होकर तेजगढ़ी चौराहा, जेलचुंगी चौराहा, वीएनजी स्कूल कट से गंगानगर होते हुए मवाना, बहसूमा से मीरापुर (मुजफ्फरनगर) की तरफ एवं वाया बिजनौर होकर हरिद्वार की तरफ जा सकेंगी।
- मवाना अड्डे एवं अंबाला स्टैंड वेगमपुल से चलने वाली प्राइवेट बसें गंगानगर थाने के पास से संचालित की जाएंगी।
- हापुड – बुलंदशहर के लिए चलने वाली प्राइवेट बसें एल ब्लाक चौकी से संचालित होंगी। किला परीक्षितगढ़ पर चलने वाली समस्त प्राइवेट बसें चौकी यादगारपुर वसंत बिहार किला रोड से संचालित होंगी।
- शहरी क्षेत्र में चलने वाली सिटी बसें 29 जुलाई सुबह आठ बजे से बंद कर दी जाएंगी।
इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

