शामली 07 जुलाई। हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में डकैती की वारदातों को अंजाम देने वाले पांच आरोपियों को शामली पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया है. दो आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं. आरोपियों ने दोनों राज्यों में एक रात ही घटनाओं को अंजाम दिया था. ऐसे में पुलिस को वारदात की कड़ियां जोड़ने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने कई अवैध असलहे और काफी नगदी बरामद की है.
बताया गया कि शामली में 4 जुलाई की रात थाना भवन क्षेत्र के दिल्ली यमनोत्री हाईवे पर स्थित गांव हिंड़ में पेट्रोल पंप पर सवार 7 बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया था. बदमाशों ने पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारियों को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया था और मैनेजर के केबिन में रखा कैश लॉकर लूट कर फरार हो गए थे. आरोपियों की पहचान साबिर उर्फ बाबा पुत्र जाकिर निवासी गढ़ी झिझारा थाना गन्नौर जनपद सोनीपत हरियाणा, अमन पुत्र महबूब निवासी नवादा कलां जनपद पानीपत, मोहसिन पुत्र सलीम निवासी ग्राम नवादा कलां थाना सनौली जनपद पानीपत, जसवीर पुत्र बिजेंद्र निवासी सरगथल थाना गोहाना, काला उर्फ़ शाहनवाज़ पुत्र सलीम निवासी ग्राम नवादा थाना सनौली जनपद पानीपत के रूप में हुई है.
एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की. जांच में पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात में हरियाणा के बदमाशों की संलिप्तता के संकेत मिले. इन्हीं बदमाशों की संलिप्तता हरियाणा के दो जिलों सोनीपत और पानीपत में हुई लूट में उजागर हुई. इसके बाद इन्हीं बदमाशों ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तीन जिलों शामली, मेरठ और मुजफ्फरनगर में ताबड़तोड़ लूट की वारदातों को अंजाम दिया और हरियाणा भाग गए. जांच में आया कि बदमाशों ने पांच वारदातें एक ही रात में अंजाम दी थीं.
एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बदमाश काफी शातिर हैं. वे अक्सर ट्रैवल एजेंसी से गाड़ी किराए पर लेते थे और वारदात को अंजाम देने के बाद वापस ट्रैवल एजेंसी पर गाड़ी जमा करा देते थे. पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने 3 अवैध पिस्टल.32 बोर 5 खोखा कारतूस, दो अवैध तमंचे .315 बोर, दो जिंदा कारतूस एवं दो खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो कार एवं डकैती कर लूटी गई 67000 की नगदी बरामद हुई है. एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार यह कुख्यात गैंग है. इनमें जसवीर नाम का बदमाश पहले पेट्रोल पंप पर काम कर चुका था. उसकी मुखबिरी पर सुनियोजित तरीके से डकैती की वारदातों को अंजाम दिया गया. साबिर उर्फ बाबा गैंग का लीडर है.

