मेरठ 30 जून (प्र)। यूपी पुलिस एसआई (सब इंस्पेक्टर) और समकक्ष पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) के पहले दिन अभ्यार्थियों के पैर लड़खड़ा गए। शारीरिक दक्षता के पहले ही पायदान पर दौड़ के दौरान पांच अभ्यार्थी बेहोश होकर गिर गए। बेहोश हुए अभ्यार्थियों को पहले पीएसी अस्पताल में भर्ती कराया गया. यहां से उन्हें जिला अस्पताल भेज गया। उपचार के बाद चार घर भेज दिया गया, जबकि एक उपचाराधीन है। कहीं परीक्षा में 16 महिलाएं और 60 पुरुष अभ्यर्थी फेल हो गए। परीक्षा में भाग लेने वालों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने मैदान में ही चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। बेहोश हुए अभ्यार्थियों को परीक्षा से बाहर कर दिया गया है। पुलिस और पीएसी के अधिकारियों ने परीक्षा स्थल और जिला अस्पताल जाकर अभ्यार्थियों के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
यूपी पुलिस एसआइ और समकक्ष पदों के लिए सोमवार से शुरू हुई पीईटी परीक्षा एक जुलाई तक रुड़की रोड स्थित छठी वाहिनी पीएसी में आयोजित की जाएगी। इस दौरान पुरुष उम्मीदवारों को 28 मिनट में 4.8 किलोमीटर और महिलाओं को 16 मिनट में 2.4 किलोमीटर दौड़ पूरी करनी है। परीक्षा सुबह 6 से 8 बजे के बीच हुई। भीषण गर्मी के कारण कई अभ्यार्थियों की तबीयत खराब हो गई। दौड़ के दौरान 10- 12 अभ्यार्थियों की हालत बिगड़ गई, जिनमें से पांच बेहोश होकर गिर पड़े। सभी बेहोश अभ्यार्थियों को एंबुलेंस से तुरंत पीएसी अस्पताल ले जाया गया, जहां से डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पहले दिन शारीरिक दक्षता में शामिल 171 महिलाओं में से 16 और 357 पुरुष अभ्यार्थियों में से 60 सफल नहीं हो सके। अधिकारियों ने परीक्षा के दौरान अभ्यार्थियों के स्वास्थ्य की जांच और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक बंदोबस्त करने के आदेश दिए हैं।
इस घटना के बाद, भर्ती प्रक्रिया में शामिल अधिकारियों ने अभ्यर्थियों के स्वास्थ्य की निगरानी बढ़ा दी है। भीषण गर्मी में आयोजित इस फिजिकल टेस्ट को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं कि इतनी कठिन दौड़ के दौरान चिकित्सा और राहत व्यवस्था कितनी पर्याप्त और प्रभावी थी।

