मेरठ 16 जून (प्र)। मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम ( सीएम ग्रिड योजना) के तहत फेज-चार में सात सड़कें प्रस्तावित हैं। इनके चौड़ीकरण, ड्रेनेज सिस्टम सुधार और बिजली लाइनों को भूमिगत करने सहित अन्य कार्यों के लिए लगभग 175 करोड़ रुपये की मांग की गई है। धनराशि स्वीकृति के लिए निर्माण अनुभाग ने सात सड़कों का प्रस्ताव शासन को भेजा है। इन सड़कों को मिलाकर अब योजना में कुल 19 सड़कें हो गई हैं। इनमें से आठ सड़कों का निर्माण कार्य जारी है। चार के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है।
नगर निगम अधिकारियों का दावा है कि 565 करोड़ रुपये से कुल 19 सड़कों का कायाकल्प होना है। गांधी आश्रम चौराहे से तेजगढ़ी चौराहे तक की सड़क को फेज-1 में लिया था। इसके बाद फेज-2 में चार फेज-3 में सात और अब फेज-4 में भी सात सड़कें ली गई हैं। रैपिड रेल (नमो भारत) और मेट्रो के साथ आंतरिक सड़कों के चौड़ीकरण से जाम से मुक्ति और स्थानीय व्यापार को गति मिलेगी। मुख्य अभियंता नगर निगम प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि सात सड़कों का नया प्रस्ताव भेजा है। जल्द धनराशि स्वीकृत होने की उम्मीद है।
दिक्कतों का भी निकालें हल
निर्माणाधीन गांधी आश्रम चौराहे से तेजगढ़ी चौराहा, रंगोली मंडप रोड, कमिश्नर आवास चौराहा से सर्किट हाउस रोड, वेस्टर्न कहचरी रोड, शारदा रोड, टीपीनगर रोड, सर्किट हाउस से मोहनपुरी पुलिया होते हुए गांधी आश्रम तक और गोल मंदिर से भोलेश्वर मंदिर होते हुए पीवीएस रोड तक निर्माण कार्यों से लोगों को परेशानी हो रही है। निर्माण सामग्री सड़कों पर पड़ी है। इन दिक्कतों का भी हल होना चाहिए।
ये सड़कें की गई प्रस्तावित
- तेजगढ़ी चौराहे से मेडिकल कालेज के गेट-3 तक।
- मेडिकल कालेज के गैट-3 से जागृति रोड तक ।
- ईव्ज चौराहे से शंकर आश्रम होते हुए आंबेडकर चौराहे तक।
- गंगानगर डिवाइडर रोड आइआइएमटी के आगे तक।
- इंदिरा गांधी चौक से बुढ़ाना गेट खैरनगर चौराहा होते हुए बच्चा पार्क तक।
- कंकरखेडा शिव चौक से खिर्वा बाईपास तक। कीर्ति पैलेस मार्ग का चौड़ीकरण |
इनका चल रहा है निर्माण
- गांधी आश्रम चौराहे से तेजगढ़ी चौराहा मार्ग गढ़ रोड रंगोली मंडप होते हुए हापुड़ रोड तक |
- कमिश्नर आवास चौराहा से सर्किट हाउस चौराहा मार्ग ।
- कमिश्नर कार्यालय चौराहा से बच्चा पार्क चौराहा तक वेस्टर्न कचहरी रोड ।
- आंबेडकर तिराहे से झंडेवाला शारदा रोड होते हुए दिल्ली चुंगी तक।
- बागपत रोड चौराहे से दिल्ली रोड तक टीपीनगर रोड ।
- सर्किट हाउस से मोहनपुरी पुलिया होते हुए गांधी आश्रम तक।
- गोल मंदिर से भोलेश्वर मंदिर होते हुए पीवीएस रोड तक।
ये सड़कें टेंडर प्रक्रिया में
- बेगमपुल रोड पर डा. करोली मार्ग से बच्चा पार्क चौराहे तक।
- जेलचुंगी चौराहे से तेजगढ़ी चौराहे तक।
- गांधी आश्रम चौराहे से बच्चा पार्क चौराहे तक।
- कंकरखेड फ्लाईओवर से दिल्ली- दून बाईपास तक ।

