लखनऊ 01 जून। उत्तर प्रदेश के दोनों संभागों में पिछले 4 दिनों से आंधी तूफान बारिश और ओले गिरने का दौर जारी है. मौसम विभाग ने एक बार फिर उत्तर प्रदेश के 63 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। बे मौसम हो रही बारिश का सिलसिला अभी 2-3 दिन तक जारी रहेगा. कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव अभी बना हुआ है, जिसके कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है।
रविवार को उत्तर प्रदेश के राजधानी लखनऊ समेत मुरादाबाद, हरदोई, बलिया और कई अन्य जिलों में तेज रफ्तार बारिश होने के साथ ही 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज रफ्तार से हवा चली. तेज हवाओं के चलने से कई जगह पेड़ की डालियां टूट कर गिर गई. शहरों में लगे होल्डिंग पोस्टर उड़कर सड़कों पर गिर गए. कुछ देर के लिए यातायात बाधित हुआ और लाइट भी चली गई. अमरोहा जिले में तेज रफ्तार हवा चलने के साथ ही बारिश और ओले गिरे.
मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच रविवार को बस्ती प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा उरई (जालौन) में 39.8°C, बांदा में 39.2°C, वाराणसी में 39°C, प्रयागराज में 38.6°C और झांसी में 38.3°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। पिछले 3 दिन से जारी आंधी-बारिश के बीच पारा 8°C लुढ़ककर 40°C तक पहुंच गया है।
इन जिलों में बादल गरजने-बिजली गिरने का अलर्ट
प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फरुखाबाद, कन्नौज, लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, झांसी, ललितपुर और आस पास के क्षेत्र में चेतावनी जारी की गई है.
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार सोमवार को लखनऊ में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज रफ्तार से हवा और हल्की बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान 36 न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ की बंगाल की खाड़ी से आ रही निम्न क्षोभमंडलीय आर्द्र पुरवा हवाओं के साथ हो रही प्रतिक्रिया के परिणामस्वरूप प्रदेश में 100 किमी/घंटे के झोंकों के साथ 80-90 किमी/घंटा की गति से आंधी-तूफान के साथ जारी पश्चिमी विक्षोभ का असर धीरे-धीरे कम हो रहा है, जिसकी वजह से अब आंधी तूफान और बारिश में पिछले दिनों की तुलना में कमी आएगी. हल्की बारिश का सिलसिला 2-3 दिनों तक जारी रहेगा.

